राष्ट्रीय
13-Feb-2026


पटना,(ईएमएस)। सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव को राहत देकर अदालत ने उनके खिलाफ दर्ज तीनों मामलों में जमानत दे दी है। इससे उनके समर्थकों में उत्साह का माहौल दिखाई दिया। एमपी-एमएलए विशेष अदालत में शुक्रवार को संबंधित मामलों पर सुनवाई हुई। बचाव पक्ष की ओर से दलील दी गई कि आरोपों का स्वरूप गंभीर नहीं है और अभियुक्त जांच में सहयोग कर रहे हैं। लेकिन सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने जमानत का विरोध कर कहा कि मामले की निष्पक्ष सुनवाई के लिए सख्ती जरूरी है। हालांकि अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद जमानत याचिका स्वीकार कर ली। जानकारी के अनुसार, तीनों मामले अलग-अलग तिथियों में दर्ज किए गए थे और इनमें कोतवाली थाना कांड संख्या भी शामिल है। अदालत ने शर्तों के साथ जमानत मंजूर की है। इसके पहले पप्पू यादव को न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। जमानत मिलने के बाद उनकी रिहाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कानूनी औपचारिकताएं पूरी होते ही उन्हें जेल से रिहा किया जाएगा। सांसद पप्पू यादव को जमानत की खबर मिलते ही समर्थकों ने खुशी जाहिर की है। कई कार्यकर्ताओं ने इस न्याय की जीत बताया। वहीं, राजनीतिक गलियारों में भी इस फैसले को लेकर चर्चा तेज हो गई है। आशीष दुबे / 13 फरवरी 2026