राष्ट्रीय
13-Feb-2026


नई दिल्ली,(ईएमएस)। पूर्व सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे की अप्रकाशित किताब को लेकर चल रहे विवाद के बीच रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने बताया कि सेवानिवृत्त सेना अधिकारियों के लिए पुस्तक लेखन संबंधी नए दिशानिर्देश लाने के किसी प्रस्ताव की उन्हें जानकारी नहीं है। रक्षा सचिव सिंह ने कहा कि इसतरह के मामलों के लिए पहले से ही नियम और कानून मौजूद हैं, जिसमें आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम (ओएसए) भी शामिल है। उन्होंने कहा कि मुख्य मुद्दा दिशानिर्देशों का अभाव नहीं है, बल्कि यह है कि क्या किसी मौजूदा नियम का उल्लंघन किया गया है। रक्षा सचिव सिंह ने बताया कि ईमानदारी से कहूं, मुझे इस विशेष मुद्दे की जानकारी नहीं है जिसका आप जिक्र कर रहे हैं कि क्या नए दिशानिर्देशों पर विचार हो रहा है। मौजूदा दिशानिर्देश हैं और आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम लागू होता है। मामले में मुद्दा यह नहीं है कि दिशानिर्देश मौजूद नहीं हैं, मुद्दा यह है कि क्या किसी ने उनका उल्लंघन करने की कोशिश की है। सार्वजनिक सूत्रों से मुझे पता चला है कि एजेंसियां ​​इस मामले की जांच कर रही हैं। हालांकि, मुझे किसी नए दिशानिर्देश की जानकारी नहीं है, और वैसे भी, संवेदनशील मामलों में मौजूदा दिशानिर्देश और मौजूदा कानून, विशेष रूप से ओएसए, लागू होते हैं। यह घटना तब सामने आई जब राहुल गांधी ने बजट सत्र के दौरान लोकसभा में जनरल नरवणे की आत्मकथा फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी का हवाला देने की कोशिश की, इससे बजट सत्र के दौरान चीन के साथ 2020 के गतिरोध का मुद्दा चर्चा में आ गया और राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया। दिल्ली पुलिस ने 9 फरवरी को विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और समाचार मंचों पर मिली जानकारी का संज्ञान लिया, जिसमें दावा किया गया था कि फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी पुस्तक की एक प्री-प्रिंट प्रति प्रसारित हो रही है। स्पेशल सेल ने अभी तक स्वीकृत न हुई पुस्तक के कथित रिसाव/उल्लंघन के संबंध में मामला दर्ज किया है। वहीं बताया गया हैं कि दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने पूर्व सेना प्रमुख जनरल नरवणे की पुस्तक के कथित रिसाव के संबंध में पेंगुइन इंडिया के अधिकारियों से लगातार दो दिनों तक पूछताछ की। सूत्रों के अनुसार, दोनों दिन पूछताछ कई घंटों तक चली, जिसमें जांचकर्ताओं ने पांडुलिपि और उसकी डिजिटल फाइलों के प्रबंधन और वितरण के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त करने का प्रयास किया। आशीष दुबे / 13 फरवरी 2026