- अमेरिका ने दी लाइसेंस की मंजूरी, रूस पर निर्भरता कम करने की तैयारी नई दिल्ली (ईएमएस)। रिलायंस इंडस्ट्रीज को वेनेजुएला का कच्चा तेल खरीदने के लिए अमेरिका से लाइसेंस मिल गया है। सूत्रों के अनुसार इस मंजूरी के बाद देश की सबसे बड़ी प्राइवेट रिफाइनर कंपनी अब बिना किसी बिचौलिए के वेनेजुएला से ज्यादा मात्रा में कच्चा तेल इम्पोर्ट कर सकेगी। हालांकि रिलायंस की ओर से इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। अमेरिका के साथ हुई हालिया ट्रेड डील के बाद यह खबर आई है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने ट्रेड डील का ऐलान करते हुए कहा था कि भारत ने रूसी तेल का आयात पूरी तरह बंद करने का वादा किया है। मुकेश अंबानी की अगुवाई वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज गुजरात के जामनगर में दुनिया का सबसे बड़ा रिफाइनिंग कॉम्प्लेक्स चलाती है। सूत्रों के मुताबिक, जनवरी के आखिर में अमेरिका ने रिलायंस सहित कुछ अंतरराष्ट्रीय कंपनियों को वेनेजुएला से सीधे तेल खरीदने की अनुमति दी है। वेनेजुएला का कच्चा तेल भारी कैटेगरी का होता है। जामनगर रिफाइनरी की बनावट ऐसी है कि वहां इस तरह के भारी तेल को प्रोसेस करना आसान और किफायती होता है। इससे कंपनी का प्रॉफिट मार्जिन बढ़ेगा। इससे पहले ब्लूमबर्ग ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया था कि भारत सरकार ने देश की सरकारी तेल कंपनियों से कहा है कि वे अब अमेरिका और वेनेजुएला से ज्यादा कच्चा तेल खरीदने पर विचार करने को कहा है। अमेरिका के साथ हुई हालिया ट्रेड डील के बाद यह निर्देश आए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने ट्रेड डील का ऐलान करते हुए कहा था कि भारत ने रूसी तेल का आयात पूरी तरह बंद करने का वादा किया है। विनोद उपाध्याय / 13 फरवरी, 2026