मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव के मुश्किल समय में सुपर स्टार सोनू सूद उनके समर्थन में सामने आए हैं। राजपाल को ‘गिफ्टेड’ और ‘अविस्मरणीय’ अभिनेता बताते हुए सोनू सुद ने वादा किया कि वह अपनी अगली फिल्म में अभिनेता को कास्ट करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि इसके बदले मिलने वाला साइनिंग अमाउंट वह अभी दे देंगे, ताकि राजपाल को कुछ आर्थिक सहारा मिल सके। सोनू ने इंडस्ट्री के अन्य निर्माताओं और निर्देशकों से भी अपील की है कि वे भी इस कठिन समय में राजपाल का साथ दें। सोनू सूद ने सोशल मीडिया पर लिखा, “राजपाल यादव एक टैलेंटेड एक्टर हैं, जिन्होंने सालों तक हमारी इंडस्ट्री को यादगार काम दिया है। कभी-कभी जीवन हमारे साथ अन्याय कर देता है, और यह प्रतिभा की कमी नहीं, बल्कि वक्त की मार होती है। वह मेरी फिल्म का हिस्सा होंगे। मुझे लगता है कि यह समय हम सबके एकजुट होने का है निर्माता, निर्देशक और सहकर्मी सभी।” उन्होंने आगे यह भी लिखा, “भविष्य के काम के बदले दी जाने वाली साइनिंग फीस कोई दान नहीं है, बल्कि उनका सम्मान है। जब हमारा कोई साथी कठिन दौर से गुजर रहा हो, तो इंडस्ट्री को उसे याद दिलाना चाहिए कि वह अकेला नहीं है। इसी भावना से हम साबित करते हैं कि हम सिर्फ एक उद्योग नहीं, बल्कि एक परिवार हैं।” राजपाल यादव इस समय तिहाड़ जेल में क्यों हैं? इसका कारण 2010 का एक पुराना मामला है। उस समय उन्होंने अपनी फिल्म ‘अता पता लापता’ को बनाने के लिए मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से 5 करोड़ रुपये उधार लिए थे। फिल्म फ्लॉप हो गई और बैंक खाते में पर्याप्त रकम न होने के कारण कंपनी को दिया गया चेक बाउंस हो गया। मामला कोर्ट पहुंचा और कई वर्षों तक सुनवाई चलती रही। कोर्ट ने कई बार राजपाल को राहत दी, लेकिन बकाया राशि जमा न कर पाने के चलते अब उन्हें अदालत के निर्देश पर तिहाड़ जेल में सरेंडर करना पड़ा। जेल में जाने से पहले राजपाल भावुक हो उठे थे। उन्होंने कहा, “मुझे कोई उपाय नजर नहीं आ रहा। न पैसे हैं और न कोई दोस्त है। इस मुश्किल से मुझे खुद ही निपटना होगा।” सुदामा/ईएमएस 14 फरवरी 2026