मुंबई (ईएमएस)। साल 1993 में बिल्डिंग से गिरने के बाद बॉलीवुड अभिनेत्री दिव्या भारती की मौत हो गई थी। दिव्या भारती की मौत दुर्घटना बताया गया था। एक युवा और उभरती हुई अभिनेत्री की असमय मौत होना आज भी रहस्य बना हुआ है। दिव्या के साथ काम कर चुके मास्टर राजू ने हाल ही में एक इंटरव्यू में कई अहम बातें साझा कीं। उन्होंने बताया कि दिव्या उनसे बेहद करीब थीं और अपनी निजी जिंदगी में खुश नहीं थीं। हाल ही में मास्टर राजू एक शो में पहुंचे थे, जहां दिव्या भारती का जिक्र आने पर उन्होंने उनके साथ बिताए पलों को याद किया। राजू ने कहा कि दिव्या और पूजा भट्ट दो ऐसी अभिनेत्रियां थीं जिनसे उनका गहरा रिश्ता था। उन्होंने बताया कि दिव्या बेहद सरल, गैर-फिल्मी और दिल से बात करने वाली इंसान थीं। शूटिंग के दौरान या पार्टी में, दोनों के बीच लंबी बातचीत अक्सर होती रहती थी। राजू के मुताबिक दिव्या एक बहुत ही स्वीट और टैलेंटेड लड़की थीं, जिनका करियर तेजी से ऊंचाइयों पर बढ़ रहा था। उन्हें उस दौर की यंग श्रीदेवी भी कहा जाता था। लेकिन कैमरे के पीछे उनकी जिंदगी उतनी खुशहाल नहीं थी। राजू ने खुलासा किया कि दिव्या बेहद अकेलापन महसूस करती थीं और कई बातों से दुखी थीं। हालांकि उन्होंने कहा कि कई बातें वह ऑन रिकॉर्ड नहीं बता सकते, लेकिन इतना जरूर स्पष्ट किया कि दिव्या खुद को इस्तेमाल किया गया महसूस करती थीं। उन्होंने बताया कि दिव्या का करियर शानदार चल रहा था, लेकिन निजी रिश्तों में वह खुश नहीं थीं। यह समस्या उनके प्रेम संबंधों से नहीं, बल्कि कुछ अन्य लोगों से जुड़ी थी, जिनका ज़िक्र राजू ने नहीं किया। दिव्या को लगता था कि उनके पैसे और मेहनत का गलत तरीके से इस्तेमाल किया जा रहा है। यह बात उन्हें भीतर से तोड़ रही थी। इसके बावजूद, दिव्या अपने जीवन के उस व्यक्ति के प्रति पूरी तरह पॉजिटिव थीं, जो उस वक्त उनकी जिंदगी में था। वह उसके साथ अपनी आगे की जिंदगी को लेकर सपने देख रही थीं। राजू ने कहा कि दिव्या की मौत उनके लिए बेहद सदमे वाली थी। वह सबसे पहले मौके पर पहुंचे थे और अंतिम क्षण तक वहीं मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि दिव्या जैसी जीवंत और प्रतिभाशाली लड़की का इस तरह चला जाना आज भी उन्हें विचलित करता है। बता दें कि दिव्या भारती की मौत आज भी रहस्य बनी हुई है। 1993 में बिल्डिंग से गिरने के बाद उनकी मौत को दुर्घटना बताया गया था, लेकिन उनके लाखों प्रशंसकों को हमेशा शक रहा कि यह सिर्फ एक हादसा नहीं, बल्कि किसी साजिश का हिस्सा भी हो सकता है। सुदामा/ईएमएस 14 फरवरी 2026