मनोरंजन
14-Feb-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड के सुपरस्टार गोविंदा ने उन लोगों पर हमला बोला, जिन्होंने उनके करियर को कमजोर करने की हर संभव कोशिश की। ‘डेगू मच्छर’ और ‘औरंगजेब’ जैसे कड़े शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गोविंदा ने कहा कि कुछ लोग ऐसे हैं जो उन्हें असफल होता देखने के लिए आज भी बेचैन रहते हैं। एक इंटरव्यू में जब उनसे पूछा गया कि क्या सेट पर देर से पहुंचने की आदत उनकी नाकामी की वजह बनी, तो गोविंदा ने इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें, संजय दत्त और सलमान खान जैसे सितारों को जानबूझकर लेट-लतीफ का टैग दिया गया, जबकि सच्चाई इससे अलग है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अमिताभ बच्चन हमेशा समय पर आते थे, फिर भी उन्हें करीब 15 साल तक काम मिलने में दिक्कतें झेलनी पड़ीं। गोविंदा के मुताबिक यह सब एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा होता है, जिसमें किसी को भी इंडस्ट्री से बाहर करने का खेल खेला जाता है। उन्होंने करण जौहर की ‘माय नेम इज गोविंदा’ का जिक्र करते हुए कहा कि कई लोग उनकी निजी जिंदगी की कहानियों को फिल्मों में डालकर उनका मजाक बनाने की कोशिश करते रहे हैं। गोविंदा ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर ऐसे लोग कभी उनके सामने आ गए, तो वह उन्हें ‘रजनीकांत स्टाइल में महफिल के बीच प्रसाद’ देंगे। उनका इशारा साफ था कि अब वह किसी भी अपमान या चुटकुले को हल्के में नहीं लेने वाले। गोविंदा ने अपनी ऑटोबायोग्राफी पर भी बात की और दावा किया कि जब वह अपनी किताब लिखेंगे, तो कई नामी फिल्मी हस्तियों के चेहरे बेनकाब हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि फिल्म उद्योग में कई लोग अपना करियर चमकाने के लिए ईश्वर और इंसानियत तक को भूल जाते हैं, और सिर्फ दूसरों को गिराने की साजिशों में लगे रहते हैं। इंटरव्यू में गोविंदा ने अपने फैंस से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। उन्होंने कहा कि माता-पिता का आशीर्वाद उनके साथ है और उनका सितारा कभी डूब नहीं सकता। बता दें कि गोविंदा ने एक बार फिर खुलकर इंडस्ट्री की राजनीति पर निशाना साधा है। लंबे समय तक बड़े पर्दे से दूर रहने के पीछे वह जिस ‘घटिया पॉलिटिक्स’ को जिम्मेदार बताते रहे हैं, उसी मुद्दे पर उन्होंने अब और भी तीखे शब्दों में प्रतिक्रिया दी है। सुदामा/ईएमएस 14 फरवरी 2026