राज्य
14-Feb-2026
...


- निर्वस्त्र हालत में शव छोड़कर हो गया था फरार इन्दौर (ईएमएस) शहर के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में चार दिन से लापता एमबीए छात्रा की निर्मम हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में हत्या करने वाले मृतक छात्रा के फरार सहपाठी छात्र पीयूष धामनोदिया को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। ज्ञात हो कि मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के द्वारकापुरी क्षेत्र में कल एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया था। यहाँ चार दिनों से लापता 25 वर्षीय एमबीए छात्रा का शव उसके सहपाठी पीयूष धामनोदिया के किराए के कमरे में निर्वस्त्र हालत में मिला। पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ था कि छात्रा की गला घोंटकर हत्या की गई थी। वारदात के बाद से फरार मुख्य आरोपी पीयूष को इंदौर पुलिस ने मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। मृतक छात्रा और आरोपी पीयूष एक ही निजी संस्थान में एमबीए सेकंड सेमेस्टर के छात्र थे। छात्रा 10 फरवरी को घर से निकली थी और अपनी बहन को पीयूष के यहां एक बर्थडे पार्टी में जाने का मोबाइल पर कहने के बाद से ही लापता हो गई थी। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी। वहीं आरोपी पीयूष ने उसकी हत्या के बाद शव की दुर्गंध छिपाने के लिए कमरे की खिड़कियों और दरवाजों की झिर्रियों तक को कागज और कपड़ों से पूरी तरह पैक कर दिया था ताकि पड़ोसियों को भनक न लगे। लेकिन कल जब कमरे से तेज बदबू आने लगी तब क्षेत्रवासियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा और भीतर का नजारा देख दंग रह गई। कमरे से हत्या में इस्तेमाल की गई रस्सी भी बरामद हुई है। उसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी का पीछा किया और उसे मुंबई से धर दबोचा। परिजनों का आरोप है कि पीयूष छात्रा को लंबे समय से ब्लैकमेल कर रहा था। उनके अनुसार आरोपी छात्रा पर पैसों का दबाव बना रहा था और संभवतः निजी वीडियो के जरिए उसे प्रताड़ित कर रहा था। डीसीपी जोन-1 कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि आरोपी से सघन पूछताछ की जा रही है ताकि हत्या के वास्तविक कारणों और पूरी साजिश का पर्दाफाश किया जा सके। आनंद पुरोहित/ 14 फरवरी 2026