धमतरी,(ईएमएस)। जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खपरी बायपास के पास हुए भीषण सड़क हादसे में 201 कोबरा बटालियन के चार जवानों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक जगदलपुर से जवानों को लेकर आ रही डिजायर कार खपरी बायपास के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और जवान वाहन के भीतर फंस गए। गैस कटर की मदद से काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला गया। घटना में दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य गंभीर घायलों ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। घायल जवान का उपचार जारी है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)14 फरवरी 2026