क्षेत्रीय
14-Feb-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा उपभोक्ताओं को आधुनिक बिजली प्रणाली से जोडऩे के लिए 9 से 23 फरवरी तक स्मार्ट मीटर पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी क्रम में सेंदरी वितरण केंद्र में उपभोक्ता जागरूकता शिविर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया। शिविर में कनिष्ठ यंत्री संदीप मानिकपुरी सहित तकनीकी स्टाफ और स्मार्ट मीटर कंपनी के प्रतिनिधियों ने उपभोक्ताओं की शंकाओं का समाधान किया। अधिकारियों ने बताया कि स्मार्ट मीटर पूरी तरह स्वचालित प्रणाली है, जिससे मानवीय हस्तक्षेप समाप्त होगा और गलत रीडिंग या बिलिंग की समस्या नहीं होगी। इससे उपभोक्ताओं को पारदर्शी और सटीक बिजली बिल मिलेगा। उपभोक्ताओं को ‘मोर बिजली’ मोबाइल ऐप के उपयोग की जानकारी भी दी गई। ऐप के माध्यम से उपभोक्ता अपने मीटर का लाइव डेटा, बैलेंस और रोजाना बिजली खपत देख सकेंगे तथा खपत पर नियंत्रण रखकर बिल कम कर पाएंगे। कार्यक्रम में रिले ऑफ (बिजली बंद) की स्थिति में अपनाए जाने वाले उपाय भी बताए गए। विभाग की टीमें पखवाड़े के दौरान घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगी। कार्यपालक निदेशक ए.के. अंबस्थ ने उपभोक्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में ऐप डाउनलोड कर डिजिटल सुविधाओं का लाभ लेने की अपील की। मनोज राज 14 फरवरी 2026