14-Feb-2026
...


- पीएम ई-बस सेवा का विस्तार: गुजरात के आठ शहरों में दौड़ेंगी 750 इलेक्ट्रिक बसें अहमदाबाद (ईएमएस)| प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को असम से 5450 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने पीएम ई-बस सेवा योजना अंतर्गत भावनगर शहर में 50 ई-बसों को हरी झंडी दिखाई। भारत के शहरों में इलेक्ट्रिक बसों के उपयोग से स्वच्छ, विश्वसनीय तथा टिकाऊ परिवहन को प्रोत्साहन देने के लिए पीएम ई-बस सेवा एक महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना के प्रारंभिक चरण में गुजरात के अलावा महाराष्ट्र (नागपुर), चंडीगढ़ तथा असम (गुवाहाटी) में भी बसें आवंटित की गई हैं। राज्य में इस योजना के क्रियान्वयन के लिए गुजरात शहरी विकास मिशन (जीयूडीएम) को गुजरात के शहरी विकास एवं शहरी गृह निर्माण विभाग की राज्य नोडल एजेंसी के रूप में नियुक्त किया गया है। आगामी समय में राज्य के आठ शहरों में इस योजना के अंतर्गत 750 बसें चलाने का आयोजन किया गया है। भावनगर गुजरात का प्रथम शहर है, जहाँ इस योजना अंतर्गत 50 बसों की भेंट दी गई है। भावनगर में कुल 100 बसों द्वारा नागरिकों के लिए परिवहन सुविधा अधिक सुदृढ़ बनाई जाएगी। ये बसें वातानुकूलित एवं दिव्यांगों के लिए अनुकूल सुविधा से सज्ज हैं। सुरक्षा के दृष्टिकोण से इन बसों में सीसीटीवी कैमरा भी लगाए गए हैं। आगामी समय में राज्य में आठ शहरों में ई-बसें शुरू की जाएंगी; जिनमें वडोदरा में 250, राजकोट में 100, भावनगर में 100, गांधीनगर में 100, जामनगर में 50, जूनागढ में 50, गांधीधाम में 80 तथा नवसारी में 20 ई-बसें चलाई जाएंगी। इलेक्ट्रिक बसों के लिए जरूरी इन्फ्रास्ट्रक्चर तथा तकनीकी सुविधाएँ विकसित करने में गुजरात अग्रणी भूमिका निभा रहा है। समग्र देश में एक एकीकृत प्रयास के हिस्से के रूप में यह पहल पर्यावरणानुकूल परिवहन की दिशा में महत्वपूर्ण सिद्ध होगी। सतीश/14 फरवरी