नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली यूनिवर्सिटी की आर्ट फैकल्टी में प्रोटेस्ट के दौरान महिला पत्रकार से मारपीट का मामला सामने आया है। लेफ्ट और एबीवीपी ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं। पुलिस जांच में जुटी है। दिल्ली यूनिवर्सिटी के आर्ट फैकल्टी परिसर में शुक्रवार (13 फरवरी) शाम माहौल उस समय गरमा गया जब लेफ्ट और राइट विंग के छात्र संगठनों के बीच जमकर नारेबाजी शुरू हो गई। लेफ्ट संगठन की ओर से यूजीसी नियम लागू करने के समर्थन में एक प्रोटेस्ट रखा गया था। इसी दौरान वहां कवरेज करने पहुंची एक महिला पत्रकार के साथ कथित तौर पर हाथापाई और मारपीट की घटना सामने आई। घटना के बाद आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया। लेफ्ट छात्र संगठन का कहना है कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने महिला पत्रकार के साथ बदसलूकी की। वहीं एबीवीपी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। एबीवीपी का कहना है कि जब महिला पत्रकार ने प्रदर्शन कर रहे लेफ्ट छात्रों से सवाल पूछे, तो कुछ छात्रों को वह सवाल पसंद नहीं आया और उन्होंने ही पत्रकार के साथ मारपीट की। एबीवीपी के दिल्ली सेक्रेटरी सार्थक शर्मा ने बताया कि महिला पत्रकार ने जो सवाल पूछा था, शायद वह कुछ लोगों को नागवार गुजरा। उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग कैंपस में महिला सुरक्षा की बात करते हैं, उन्हीं लोगों ने एक महिला पत्रकार के साथ हाथ उठाया। सार्थक शर्मा ने यह भी कहा कि महिला पत्रकार ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है और वीडियो फुटेज से साफ हो जाएगा कि घटना में कौन शामिल था। उन्होंने दावा किया कि एबीवीपी इस पूरे मामले में कहीं भी शामिल नहीं थी और संगठन इस घटना की निंदा करता है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/14/फरवरी/2026