राष्ट्रीय
14-Feb-2026


रांची,(ईएमएस)। झारखंड में नगर निकाय चुनाव के बाद राज्य में बड़ा राजनीतिक बदलाव होने का दावा किया जा रहा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी का दावा है कि सत्तारूढ़ गठबंधन में शामिल झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) अब भाजपा-एनडीए के साथ मिलकर सरकार बना सकती है। कांग्रेस नेता त्रिपाठी ने कहा कि निकाय चुनाव के 15-20 दिन बाद यह स्पष्ट हो जाएगा। उनका कहना है कि भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी डील को हरी झंडी दे दी है। कांग्रेस नेता त्रिपाठी ने बताया कि जेएमएम हमेशा से भाजपा से संपर्क में रही है और कमजोर पड़ने पर कांग्रेस के साथ मिलकर सत्ता में आती रही है। पहले जेएमएम ने अर्जुन मुंडा के नेतृत्व में सरकार बनाई थी, फिर कांग्रेस के साथ आई और सत्ता मजबूत होने पर कांग्रेस छोड़ दी। अब सत्ता की ताकत में खुद को मजबूत करने के बाद जेएमएम फिर से भाजपा के साथ जा सकती है। त्रिपाठी पहले डालटनगंज के विधायक रहे हैं। इस बार मेदनीनगर नगर निगम चुनाव में उनकी बेटी नम्रता त्रिपाठी मेयर पद की उम्मीदवार हैं। वहीं, जेएमएम की ओर से पूनम सिंह को समर्थन दिया गया है। इस कारण त्रिपाठी जेएमएम से नाराज हैं और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तथा सरकार की कार्यप्रणाली पर लगातार निशाना साध रहे हैं। हालांकि निकाय चुनाव दलीय आधार पर नहीं हो रहा है, लेकिन सभी प्रमुख राजनीतिक दल अपने प्रत्याशियों को समर्थन दे रहे हैं। मेदनीनगर में भाजपा की ओर से अरुणा शंकर को समर्थन मिला है, और पार्टी के वरिष्ठ नेता-कार्यकर्ता उनकी जीत के लिए चुनाव प्रचार में सक्रिय हैं। इससे राजनीतिक समीकरणों में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। आशीष दुबे/ 14 फरवरी 2026