राष्ट्रीय
14-Feb-2026


नई दिल्ली,(ईएमएस)। बाहरी दिल्ली के पीरागढ़ी इलाके में सामने आया ट्रिपल मर्डर केस अब तंत्र-मंत्र और धोखाधड़ी की बड़ी साजिश के रूप में उजागर हुआ है। आरोपी कमरुद्दीन 72 साल का व्यक्ति, खुद को तांत्रिक बताकर लोगों को धन वर्षा का झांसा देता था। पुलिस को उसके पास से मिले दस्तावेजों में अलग-अलग लड़कियों की तस्वीरें, उनके फीचर्स और अजीब तांत्रिक नोट्स थे। वह दावा करता था कि खास चेहरे वाली लड़कियों पर ही धन की वर्षा होगी। इसके बाद वह उन्हें यह कहकर फंसाता कि एक ‘जिन्न’ उनके साथ संबंध बनाएगा और इसी से पैसों की बारिश होगी। पुलिस ने बताया कि कमरुद्दीन डर और लालच दोनों का इस्तेमाल करता था। जिन्होंने पैसे देने या उसके झांसे पर शक किया, उनके घर के बाहर तांत्रिक सामान रखकर डराता था। इलाज और धन वर्षा के नाम पर वह 7 हजार रुपये तक वसूलता था। सीसीटीवी फुटेज में रणधीर, शिव नरेश और लक्ष्मी को उसकी कार से उतरते देखा गया। पुलिस को कॉल मिलने से पहले ही आरोपी घर छोड़कर भागने की कोशिश करता पकड़ा गया। जांच में खुलासा हुआ कि उसने सल्फास, नींद की गोलियां और कोल्ड ड्रिंक मिलाकर लड्डुओं में घातक मिश्रण तैयार किया। यही मिश्रण पीड़ितों को दिया गया, जिससे वे कार से बाहर नहीं निकल सके। लक्ष्मी के मोबाइल से कई लड़कियों की तस्वीरें मिलीं, जिसमें वे यंत्र-तंत्र के साथ खड़ी दिखाई देती थीं। कमरुद्दीन की ठगी के तरीके भी चौंकाने वाले थे। उसने दावा किया कि किसी के पेट से हाथ डालकर किडनी का स्टोन निकाल दिया, जबकि यह सिर्फ नाटक था। दिल्ली पुलिस अब उसकी पूरी क्राइम कुंडली खंगाल रही है और उत्तर प्रदेश व राजस्थान पुलिस से पुराने मामलों की जानकारी जुटा रही है। इससे पहले 9 मई 2025 को फिरोजाबाद (उत्तर प्रदेश) में भी कमरुद्दीन के कारण दो लोगों की मौत हुई थी। फारूकी ग्लास फैक्ट्री के पास उनके शवों के पास पूजा सामग्री और लड्डू मिले थे। उसी तरह पीरागढ़ी केस में भी जहरीले लड्डू देकर तीन लोगों की हत्या की गई। कमरुद्दीन ने जहर देकर हत्या और लूट की योजना स्वीकार की है। उसकी प्रारंभिक तंत्र-मंत्र की ट्रेनिंग 2010 में उत्तर प्रदेश में हुई थी। अब तक तीन मामलों में उसकी संलिप्तता पाई गई है, और जांच एजेंसियां आशंका जता रही हैं कि उसके और भी शिकार हो सकते हैं। आशीष दुबे/ 14 फरवरी 2026