क्षेत्रीय
14-Feb-2026
...


- भारत-अमेरिका डील देश के किसानों के साथ विश्वासघात- डा. राम सुभाष वर्मा बस्ती (ईएमएस)। शनिवार को आम आदमी पार्टी जिलाध्यक्ष डा. राम सुभाष वर्मा के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं ने प्रदेश नेतृत्व के आवाहन पर मोदी-ट्रंप ट्रेड डील को तत्काल निरस्त करने और देश के किसानों, आम नागरिकों के हितों की रक्षा की मांग को लेकर जिलाधिकारी के द्वारा राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन देने के बाद जिलाध्यक्ष डा. राम सुभाष वर्मा ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार ने देश के करोड़ों किसानों के हितों को अमेरिका के सामने गिरवी रख दिया है। इस समझौते के तहत अमेरिका भारतीय उत्पादों पर 18 प्रतिशत टैक्स लगाएगा जबकि भारत अमेरिकी उत्पादों पर जीरो प्रतिशत टैक्स वसूलेगा, और सबसे गंभीर बात यह है कि भारत का कृषि बाजार अमेरिकी किसानों के लिए खोल दिया गया है, जिन्हें वहां लगभग 80 लाख रुपये तक की सब्सिडी मिलती है। ऐसे में भारतीय किसान ऐसी किसी सब्सिडी के अभाव में उनसे कैसे प्रतिस्पर्धा करेगा। सरकार को यह स्पष्टीकरण देना ही होगा कि देश के किसान हितों का क्या होगा। आम आदमी पार्टी के प्रान्तीय सचिव और बौद्ध प्रान्त के सह प्रभारी पतिराम आजाद ने कहा कि किसानों, एमएसएमई, छोटे व्यापारियों, युवाओं और मध्यम वर्ग पर इस ट्रेड डील का क्या प्रभाव पड़ेगा इस पर कोई विस्तृत श्वेत पत्र या संसदीय चर्चा अब तक सामने नहीं आई है। यदि यह डील भारतीय बाजार को असंतुलित तरीके से विदेशी हितों के लिए खोलती है, तो इसका सीधा दुष्प्रभाव कृषि, रोजगार और स्थानीय उद्योगों पर पड़ेगा। यह केवल आर्थिक समझौता नहीं बल्कि देश की आत्मनिर्भरता और कृषि संरचना पर सीधा प्रहार है। इससे छोटे किसानों की आय पर असर पड़ेगा, स्थानीय बाजार विदेशी कंपनियों के लिए खोले जाएंगे और आम जनता पर महंगाई का बोझ बढ़ेगा। यह डील देश हित में नहीं है। राष्ट्रपति को सम्बोधित ज्ञापन देने वालों में मुख्य रूप से जिला महासचिव चन्द्रभान कन्नौजिया, महिला जिलाध्यक्ष मिथलेश भारती, राम सजन सूर्यबंशी, राधिका देवी, अब्दुल कयूम, रोजन, बब्लू, पंकज के साथ ही आम आदमी पार्टी के अनेक पदाधिकारी शामिल रहे। ईएमएस / 14 फरवरी 26