शाजापुर (ईएमएस)। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर पूरी शाजापुर नगरी शिवभक्ति के रंग में रंग गई है। हर तरफ हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारे गूंज रहे हैं। शहर के प्राचीन ओंकारेश्वर महादेव मंदिर में शिव-पार्वती विवाह को लेकर विशेष और भव्य आयोजन किए जा रहे हैं, जिसमें शिवभक्तों का भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। मंडप छाया के बाद निकली भव्य वर निकासी ओंकारेश्वर महादेव मंदिर के पुजारी ओमप्रकाश गोस्वामी ने बताया कि विवाह की रस्में पूरे विधि-विधान से शुरू हो गई हैं। 14 फरवरी को दोपहर 3 बजे मंदिर परिसर में मंडप छाया का पुनीत कार्यक्रम संपन्न हुआ। इसके पश्चात शाम 5 बजे ढोल-नगाड़ों, भजनों और गाजे-बाजे के साथ भगवान शिव की भव्य वर निकासी (बारात) निकाली गई। शिवजी की यह बारात जब नगर भ्रमण पर निकली, तो जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर बारात का भव्य स्वागत किया और दर्शन का लाभ लिया। बारात में बड़ी संख्या में श्रद्धालु झूमते-गाते हुए चल रहे थे। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ होगा विवाह पुजारी गोस्वामी ने बताया कि 15 फरवरी को गोधूलि बेला के शुभ मुहूर्त में भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा। इस दौरान विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शिव-पार्वती के विवाह की सभी रस्में पूर्ण की जाएंगी। इस अलौकिक विवाह के साक्षी बनने के लिए शहर भर से बड़ी संख्या में भक्तों के जुटने की उम्मीद है। मंदिर परिसर को इस भव्य आयोजन के लिए विशेष रूप से सजाया गया है। 17 फरवरी को महाप्रसादी के साथ होगा समापन महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में चल रहे इन सभी धार्मिक कार्यक्रमों का विधिवत समापन 17 फरवरी को होगा। इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर में विशाल महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति ने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से अनुरोध किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पधारकर भगवान शिव-पार्वती का आशीर्वाद लें और महाप्रसादी ग्रहण कर धर्म लाभ कमाएं। ईएमएस/राजेश कलजोरिया/ 14 ईएमएस 2026