क्षेत्रीय
14-Feb-2026


लंबित विकास कार्यों पर महापौर की सख्ती — गुणवत्ता और समय सीमा पर विशेष जोर कटनी (ईएमएस)। नगर के समग्र विकास एवं नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने शुक्रवार को नगर निगम के लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में नगर में प्रस्तावित एवं लंबित विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए उनकी वर्तमान स्थिति से अवगत होते हुए प्रत्येक कार्य की प्रगति, तकनीकी प्रक्रियाओं तथा कार्यों के क्रियान्वयन में आ रही चुनौतियों के संबंध में जानकारी ली।उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विकास कार्यों में नियमानुसार एवं पारदर्शी ढंग से अविलंब कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि शहर के विकास कार्यों को समय सीमा में पूर्ण किया जा सके और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। बैठक में विशेष रूप से लंबित कार्यों को प्राथमिकता देने, प्रस्तावित योजनाओं के शीघ्र क्रियान्वयन तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया गया। महापौर ने अधिकारियों से कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो और प्रत्येक चरण की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। बैठक के दौरान प्रभारी कार्यपालन यंत्री असित खरे, प्रभारी सहायक यंत्री सुनील सिंह, आदेश जैन, उपयंत्री संजय मिश्रा, जे. पी. सिंह बघेल, पवन श्रीवास्तव सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि नगर के विकास को गति देना निगम प्रशासन की प्राथमिकता है और सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें ताकि नागरिकों को बेहतर सड़क,नाली आधारभूत सुविधाएं और सुव्यवस्थित शहरी विकास का लाभ समय पर मिल सके। ईएमएस/मोहने/ 14 फरवरी 2026