- लापरवाही बरतने पर गई थी मजदूर की जान, जबलपुर (ईएमएस)। बिलहरी के बजरंग नगर कॉलोनी में बिना सुरक्षा उपकरण के निर्माण कार्य कर रहे मकान मालकिन पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है। निर्माणाधीन मकान मालकिन में कार्य के दौरान करंट लगने से एक मजदूर की मौत हो गई थी। पुलिस ने छानबीन के बाद दोषी मकान मालकिन पर लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है। गोराबाजार पुलिस थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार लखराम मोहल्ला खितौला निवासी 40 वर्षीय सुभाष सोनी गत 1 जुलाई 2025 को बजरंग कालोनी बिलहरी गोराबाजार निन्दर कौर के घर की सीट पर त्रिपाल बिछा रहे थे। छत पर लोहे का पाईप उठाकर नीचे रखते समय हाईटेंशन तार से पाईप छू जाने पर सुभाष सोनी की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया है। जांच के दौरान सुभाष सोनी के साथी ने बताया कि 1 जुलाई 2025 को निन्दर कौर के घर पर मजदूरी करने गए थे और उस दिन हल्का पानी गिर रहा था एवं छत के ऊपर से हाईटेंसन लाईन गयी है सुभाष सोनी ने निन्दर कौर से कहा कि करंट लगने का डर है तो निन्दर कौर ने कहा कि एक घण्टे का काम है कुछ नहीं होगा निन्दर कौर के कहने पर उनके घर की छत पर पन्नी लगाते समय छत पर पड़ा एक लोहे का पाईप जिसे उठाकर नीचे रखते समय छत के ऊपर से निकली हाईटेंशन लाईन से टच हो गया, जिससे सुभाष सोनी करंट की चपेट में आ गया और उसके दोनों पैर जल गये थे। घायल को उपचार हेतु विक्टोरिया अस्पताल लेकर गये जहां डाक्टर ने चैक कर सुभाष सोनी को मृत घोषित कर दिया था। सम्पूर्ण मर्ग जांच पर मकान मालकिन निन्दर कौर के विरूद्ध धारा 106(1) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। सुनील साहू / मोनिका / 14 फरवरी 2026