- आयोजक तैयारी में जुटे, सजे शिवालय भोपाल (ईएमएस)। महाशिवरात्रि पर्व के लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं। शहर के प्रमुख शिवालयों बड़वाले महादेव, गुफा मंदिर, गोविंदपुरा पशुपतिनाथ मंदिर आदि में रंग-रोगन, साज-सज्जा और मेला मैदान की सफाई का काम तेज़ी से चल रहा है। इस वर्ष भव्य शिव बारात, महा-रुद्राभिषेक, और विशेष श्रृंगार कार्यक्रमों का आयोजन होगा। बड़वाले महादेव मंदिर में 21 दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव के अंतर्गत विवाह की रस्में हल्दी-मेहंदी चल रही हैं, जिसमें पारंपरिक गारी-गीत गाए जा रहे हैं। बाबा बटेश्वर को हल्दी-मेहंदी की रस्म के बाद पीले चावल देकर भक्तों को आमंत्रण दिया जा रहा है। इस अवसर पर शहर में 150 से अधिक शिव बारात और झांकियां निकालने की तैयारी की जा रही है, जिसके लिए थीम तय की जा चुकी हैं। वही भोजपुर मंदिर में विशाल भंडारा, महर्षि महेश योगी संस्थान में 121 वैदिक पंडितों द्वारा महा रुद्राभिषेक महायज्ञ होगा। भोजपुर मंदिर गर्भग्रह की जगह रैंप से कर सकेंगे दर्शन महाशिवरात्रि के अवसर पर भोजपुर शिव मंदिर में मेले का आयोजन किया जाएगा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने विशेष तैयारियां की हैं। इस बार श्रद्धालु मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश नहीं कर पाएंगे। दर्शन के लिए शिवलिंग के सामने विशेष रैंप बनाया गया है, जहां से श्रद्धालु खड़े होकर दर्शन करेंगे। प्रशासन के अनुसार, पिछले वर्षों में गर्भगृह में अत्यधिक भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। रैंप से दर्शन करने के बाद श्रद्धालुओं को तुरंत नीचे उतरना अनिवार्य होगा, ताकि आवागमन लगातार बना रहे और भीड़ नियंत्रित रहे। महोत्सव को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। 250 से अधिक पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। ड्रोन कैमरों से पूरे क्षेत्र की निगरानी की जाएगी। रायसेन किले की पहाड़ी पर 100 से ज्यादा अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।