- टैगोर चौक सौंदर्यीकरण का लोकार्पण रायपुर (ईएमएस)। विधायक सुनील सोनी एवं मीनल चौबे ने रायपुर दक्षिण विधानसभा अंतर्गत नगर पालिक निगम जोन 6 के शहीद पंकज विक्रम वार्ड क्रमांक 58 में विभिन्न 6 स्थानों पर लगभग 36 लाख रुपये की लागत से नए विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। साथ ही टैगोर चौक स्थित गुरुदेव रविन्द्रनाथ टैगोर की मूर्ति स्थल पर हुए नवीन सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण भी किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़, एमआईसी सदस्य दीपक जायसवाल, भोलाराम साहू, जोन 6 अध्यक्ष बद्री प्रसाद गुप्ता, पार्षद स्वप्निल मिश्रा एवं रमेश सपहा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। स्वीकृत प्रमुख कार्य में लगभग 36 लाख रुपये की लागत से कार्य प्रारंभ किए गए। जिनमें आरएमएस कॉलोनी में शिव मंदिर के पास रंगमंच निर्माण – 4 लाख रु., त्रिलोकी माँ कालीबाड़ी समिति, राजेंद्र नगर में सामुदायिक भवन में अतिरिक्त हाल – 5 लाख रु., ,लाब बाबा मंदिर के पास विभिन्न स्थानों पर नाली निर्माण – 5 लाख रु, वार्ड के विभिन्न स्थानों पर स्पीड ब्रेकर निर्माण – 2.10 लाख रु., डॉ. राजेंद्र नगर, गोवर्धन चौक में सामुदायिक भवन निर्माण – 9.80 लाख रु., एसबीआई टैगोर नगर स्थित श्रीराम उद्यान का सौंदर्यीकरण – 9.80 लाख रु., सभी कार्य विधायक निधि एवं नगर निगम सामान्य मद से स्वीकृत किए गए हैं। विधायक सुनील सोनी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य स्वीकृति अनुसार चयनित स्थलों पर शीघ्र प्रारंभ कर निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण कराए जाएं। उन्होंने नागरिकों से भी निर्माण कार्यों की निगरानी करने की अपील की। महापौर मीनल चौबे ने वार्ड में एकमुश्त विकास कार्य प्रारंभ होने पर सभी जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों को धन्यवाद देते हुए शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने और स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में बेहतर रैंकिंग दिलाने हेतु सहभागिता का आह्वान किया। टैगोर नगर चौक स्थित गुरुदेव रविन्द्रनाथ टैगोर की मूर्ति स्थल पर स्मार्ट सिटी के माध्यम से कराए गए नवीन सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण भी किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को भवन अनुज्ञा पत्र भी प्रदान किए गए। नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने एक ही वार्ड में इतनी बड़ी राशि से विकास कार्य प्रारंभ होने पर विधायक की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक बताया। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/14 फरवरी 2026