14-Feb-2026
...


नई दिल्ली,(ईएमएस)। भारतीय जनता पार्टी सांसद निशिकांत दुबे ने लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते पर दिए वीडियो बयान की कड़ी आलोचना कर उन्हें महामूर्ख विपक्ष नेता बताया। सांसद दुबे ने कहा कि मैंने इस देश में ऐसा महामुर्ख विपक्ष नेता कभी नहीं देखा। कपास किसानों की सुरक्षा के लिए बीते 8 सालों से प्रधानमंत्री मोदी ने 11 प्रतिशत आयात शुल्क लागू किया है। किसानों की सुरक्षा के बाद, कपड़ा क्षेत्र को कैसे मुक्त कर और उस प्रतिस्पर्धी बनाया जाए, क्योंकि हम वियतनाम से प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं, इसके लिए प्रोत्साहन दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी बकवास फैलाने और दूसरों को उकसाने में मिसाल कायम करते हैं। उन्होंने कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते में भी, हमारे निर्यातकों, जो लघु उद्योग चलाते हैं और सबसे अधिक निर्यात करते हैं, पर शून्य प्रतिशत टैरिफ लगेगा। ये टिप्पणियां राहुल गांधी द्वारा हाल ही में समझौते की आलोचना के जवाब में आईं, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि यह समझौता भारत के कपास किसानों और कपड़ा निर्यातकों पर प्रतिकूल प्रभाव डालेगा। राहुल गांधी ने कहा कि जहां भारतीय वस्त्रों पर अमेरिका में 18 प्रतिशत टैरिफ लगता है, वहीं बांग्लादेश को अमेरिकी कपास आयात करने की शर्त पर वस्त्र निर्यात पर शून्य प्रतिशत टैरिफ का लाभ मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिकी कपास का आयात घरेलू किसानों को नुकसान पहुंचाएगा, जबकि इसका आयात न करने से कपड़ा उद्योग को नुकसान होगा। उन्होंने दावा किया कि भारतीय वस्त्रों पर 18 प्रतिशत टैरिफ की घोषणा के बाद, जब मैंने संसद में बांग्लादेश को दी जा रही विशेष छूट के बारे में सवाल उठाया, तब मोदी सरकार के एक मंत्री का जवाब था कि अगर हम भी यही लाभ चाहते हैं, तब हमें अमेरिका से कपास आयात करना होगा। यह तथ्य अब तक देश से क्यों छिपाया गया? आशीष दुबे / 14 फरवरी 2026