लंदन (ईएमएस)। कुख्यात यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन से जुड़े नए दस्तावेज़ों और मीडिया रिपोर्ट्स ने ब्रिटेन की राजशाही और वैश्विक सत्ता-तंत्र में हलचल मचा दी है। डेली मेल के अनुसार, जुलाई 2006 में एपस्टीन प्रिंसेस बीट्राइस की 18वीं जन्मदिन पार्टी में विंडसर कैसल में मौजूद था उसकी गिरफ्तारी से महज़ आठ दिन पहले।रिपोर्ट में दावा किया गया है कि उस समय एपस्टीन के साथ घिसलेन मैक्सवेल और हार्वे वाइंस्टीन भी थे, जबकि नाबालिग के यौन उत्पीड़न के मामले में उसके खिलाफ दो महीने पहले ही वारंट जारी हो चुका था। इसी रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि प्रिंस एंड्रयू ने कथित तौर पर “मिसेज़ विंडसर” कोडनेम का इस्तेमाल कर एपस्टीन से जुड़ी महिलाओं को बकिंघम पैलेस में प्रवेश दिलवाया। डेली मेल के मुताबिक, इन खुलासों के बाद शाही संस्थान के प्रति जनसमर्थन 45% तक गिर गया है अब तक का सबसे निचला स्तर। किंग चार्ल्स तृतीय को “गंभीर रूप से चिंतित” बताया गया है, हालांकि राजमहल की ओर से औपचारिक प्रतिक्रिया सीमित रही। उधर, सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा की व्हाइट हाउस काउंसल रह चुकी कैथी रूमलर के एपस्टीन से संबंधों के सवाल उठे हैं। वह वर्तमान में गोल्डमैन सैक्स की चीफ लीगल ऑफिसर हैं। सुबोध/१४-०२-२०२६