नई दिल्ली (ईएमएस)। भारत के पूर्व विश्व कप विजेता कप्तान कपिल देव ने युवा सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की धमाकेदार बल्लेबाजी की जमकर तारीफ की है। नई दिल्ली स्थित कुतुब गोल्फ कोर्स में आयोजित डीपी वर्ल्ड प्लेयर्स चैम्पियनशिप 2026 के दौरान मीडिया से बातचीत में कपिल देव ने कहा कि पहली ही गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की क्षमता हर खिलाड़ी में नहीं होती और अभिषेक इस कौशल के साथ अलग पहचान रखते हैं। कपिल ने कहा, “अगर कोई पहली गेंद पर छक्का मार सकता है तो क्यों नहीं? यह असाधारण क्षमता है। यदि वह अगले दो-तीन साल तक इसी तरह प्रदर्शन करता रहा, तो उसे महान खिलाड़ियों की सूची में रखा जाएगा।” हालांकि कपिल देव ने उनकी बल्लेबाजी की प्रशंसा के साथ एक महत्वपूर्ण चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा कि प्रतिभा शुरुआत में मदद करती है, लेकिन लंबे समय तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में टिकने के लिए निरंतर सुधार जरूरी है। उनके मुताबिक, पहले साल खिलाड़ी अपनी प्रतिभा के दम पर चलता है, दूसरे साल भी काम चल जाता है, लेकिन तीसरे साल तक गेंदबाज उसकी कमजोरियों को पहचान लेते हैं। ऐसे में खिलाड़ी को अपने खेल में लगातार नई चीजें जोड़नी पड़ती हैं, वरना प्रदर्शन गिर सकता है।अभिषेक शर्मा के आंकड़े भी उनके प्रभाव को साबित करते हैं। 2024 में भारत के लिए पदार्पण करने वाले अभिषेक अब तक 39 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं, जिनमें उन्होंने 1,297 रन बनाए हैं। उनका औसत 36 और स्ट्राइक रेट 136 है। उन्होंने 123 चौके और 88 छक्के लगाकर भारत को तेज शुरुआत देने वाले महत्वपूर्ण बल्लेबाज के रूप में खुद को स्थापित किया है। कपिल देव ने क्रिकेट के साथ अन्य खेलों को प्रोत्साहन देने की भी बात कही। प्रोफेशनल गोल्फ टूर आफ इंडिया (पीजीटीआई) के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने कहा कि क्रिकेट देश में बहुत आगे बढ़ चुका है, लेकिन बाकी खेलों को भी समान समर्थन मिलना चाहिए। उन्होंने कहा, “क्रिकेट ने मुझे बहुत कुछ दिया है, लेकिन हमें अन्य खेलों की जिम्मेदारी भी खुद उठानी होगी। हर बात के लिए सरकार की ओर देखना सही नहीं है।” कपिल देव के शब्द युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा भी हैं और चेतावनी भी कि निरंतर सुधार ही सफलता की असली कुंजी है। डेविड/ईएमएस 15 फरवरी 2026