खेल
15-Feb-2026
...


- अब टी20 विश्व कप 2026 में चमक रहे हैं नई दिल्ली (ईएमएस)। वेस्टइंडीज के अनुभवी ऑलराउंडर जेसन होल्डर ने खुलासा किया है कि महज 23 वर्ष की उम्र में राष्ट्रीय टीम की कप्तानी संभालना उनके करियर का सबसे चुनौतीपूर्ण अनुभव था। होल्डर ने कहा कि उन्हें उस समय पता ही नहीं था कि कप्तानी सिर्फ मैदान पर फैसले लेने तक सीमित नहीं होती, बल्कि उसके साथ चयन प्रक्रियाएं, प्रशासनिक मुद्दे और मैदान के बाहर अनेक दबाव भी जुड़े होते हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि वह अगर पहले जान पाते कि कप्तानी कितनी बड़ी जिम्मेदारी है, तो शायद इतनी जल्दी यह भूमिका नहीं निभाते। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि उन कठिन परिस्थितियों ने ही उन्हें मजबूत बनाया और उसी अनुभव ने उन्हें आज का इंसान बनाया है। होल्डर ने बताया कि शुरुआत में वह कप्तानी को सरल मानकर चले थे, लेकिन जैसे-जैसे समय बीतता गया, उन्हें समझ आया कि वास्तविक चुनौतियां पिच के बाहर ज्यादा होती हैं। खिलाड़ियों को साथ लेकर चलना, टीम के चयन पर बातचीत, बोर्ड की अपेक्षाओं को संभालना और लगातार आलोचनाओं से जूझना उनके लिए मानसिक रूप से बेहद कठिन रहा। इसके बावजूद उन्होंने भरोसा नहीं खोया और जिम्मेदारी निभाते हुए टीम में अनुशासन और आत्मविश्वास बनाए रखने की कोशिश की। 2016 में वेस्टइंडीज के आईसीसी टी20 विश्वकप 2016 खिताब को उन्होंने अपने जीवन के सबसे खास पलों में से एक बताया। होल्डर ने कहा कि उस टूर्नामेंट की शुरुआत टीम के लिए उतनी सहज नहीं थी। खिलाड़ियों को कपड़ों से जुड़े विवाद और कॉन्ट्रैक्ट समस्याओं का सामना करना पड़ा था। इन हालात ने टीम को मुश्किल में जरूर डाला, लेकिन एकजुटता बढ़ाने में भी बड़ी भूमिका निभाई। खिलाड़ियों ने तय कर लिया था कि वे मैदान पर प्रदर्शन करके दुनिया को दिखाएंगे कि वेस्टइंडीज सम्मान और बेहतर व्यवहार का हकदार है। अब, टी 20 विश्व कप 2026 में जेसन होल्डर एक बार फिर शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। स्कॉटलैंड के खिलाफ पहले मैच में उन्होंने तीन विकेट लेकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई, जबकि इंग्लैंड के खिलाफ 17 गेंदों पर 33 रनों की तेज पारी खेलकर अपनी पुरानी चमक का अहसास कराया। वेस्टइंडीज ने टूर्नामेंट में अपने पहले दो मुकाबले जीतकर अच्छा आगाज किया है और अब टीम तीसरे टी-20 विश्व खिताब की दिशा में आगे बढ़ रही है। डेविड/ईएमएस 15 फरवरी 2026