ग्वालियर ( ईएमएस ) | होली के त्योहार पर यात्रियों की भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे द्वारा विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। अलग-अलग स्टेशनों के लिए इन ट्रेनों को शुरू किया जा रहा है। इसी क्रम में अब प्रयागराज से ग्वालियर होते हुए हजरत निजामुद्दीन तक विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है। इसी क्रम में ट्रेन क्रमांक 04123 प्रयागराज-हजरत निजामुद्दीन विशेष ट्रेन 18 फरवरी से आठ मार्च तक प्रत्येक बुधवार एवं रविवार को छह फेरों के लिए प्रयागराज से दोपहर 2:50 बजे रवाना होगी। ये ट्रेन शंकरगढ़, डभौरा, मानिकपुर, चित्रकूटधाम कर्वी, अतर्रा, बांदा, महोबा, कुलपहाड़, हरपालपुर, मऊरानीपुर होते हुए रात 10:35 बजे वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी जंक्शन पहुंचेगी। ये ट्रेन देर रात 1:05 बजे ग्वालियर आएगी और पांच मिनट के ठहराव के बाद धौलपुर, आगरा कैंट, मथुरा, कोसीकलां होते हुए सुबह 11:35 बजे हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी। वहां से वापसी में ट्रेन क्रमांक 04124 हजरत निजामुद्दीन-प्रयागराज स्पेशल प्रत्येक गुरुवार एवं सोमवार को दोपहर 3:45 बजे रवाना होगी। ये ट्रेन रात 10:15 बजे ग्वालियर आएगी। इसके बाद विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए अगले दिन सुबह 9:10 बजे प्रयागराज पहुंचेगी |