राजगढ़(ईएमएस) महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ पूरी तरह शिवमय हो गया है। तड़के 5 बजे से ही प्रसिद्ध बड़े महादेव और बैजनाथ शिव मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। हाथों में जलपात्र, सिर पर कलश और होठों पर हर-हर महादेव का जयघोष लिए हजारों श्रद्धालु बाबा के दरबार में पहुंचे। सुबह से ही जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक और बेलपत्र अर्पण का क्रम निरंतर जारी है। करीब एक हजार वर्ष प्राचीन इस ऐतिहासिक मंदिर को इस बार विशेष रूप से भव्य रूप दिया गया है। बाबा के विशेष श्रंगार के लिए उज्जैन और भोपाल से लगभग तीन क्विंटल से अधिक गुलाब और मोगरा के फूल मंगवाए गए हैं। इन फूलों से गर्भगृह, मुख्य द्वार और मंदिर परिसर को सजाया गया है। रंग-बिरंगी लाइटिंग से सजा शिवालय दूर से ही दिव्य आभा बिखेरता नजर आ रहा है। दोपहर में बाबा महादेव का दूल्हे की तरह सेहरा श्रृंगार किया जाएगा। इसके बाद नगर में पारंपरिक शिव बारात निकलेगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। शाम को जब बारात मंदिर लौटेगी तो भक्त बारातियों की तरह स्वागत-सत्कार करेंगे। इस वर्ष का मुख्य आकर्षण 11 हजार रुद्राक्ष से भगवान शिव का विशेष श्रृंगार है। बताया जा रहा है कि श्रृंगार के लिए रुद्राक्ष उज्जैन से मंगवाए गए हैं।मंदिर परिसर में महादेव का यह अलौकिक श्रृंगार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगा। रात 8 बजे प्रशासनिक अधिकारी आरती में शामिल होंगे। इसके बाद वैवाहिक कार्यक्रमों की तर्ज पर आयोजन होंगे।देर रात करीब ढाई बजे शिव मंदिर से पार्वती मंदिर तक 101 मीटर लंबा गठजोड़ा बांधा जाएगा,जो शिव-पार्वती के अखंड प्रेम का प्रतीक माना जाता है। पूरी रात भजन-कीर्तन और जागरण चलता रहेगा। सोमवार शाम को शिव-शक्ति के दर्शन खोले जाएंगे।शाम 7 बजे आरती के बाद 11 हजार रुद्राक्ष श्रद्धालुओं में वितरित किए जाएंगे।मंदिर में आज 40 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है।जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया है और पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पुलिस निगरानी कर रही है। आस्था,भव्यता और सुरक्षा के बीच नरसिंहगढ़ में महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।-निखिल /राजगढ़/15/2/2026