डोंबिवली, (ईएमएस)। डोंबिवली पूर्व के छेडा नगर इलाके में रविवार सुबह भीषण आग लग गई। जानकारी के अनुसार रविकिरण सोसाइटी में राज अपार्टमेंट की बेसमेंट पार्किंग में लगी आग में 29 टू-व्हीलर जलकर खाक हो गए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। गनीमत यह रही कि फायर ब्रिगेड के समय पर पहुंचने से बड़ी जनहानि टल गई, लेकिन पांच लोग मामूली रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार छेडा नगर में जय भारत स्कूल के पास राज अपार्टमेंट की बेसमेंट पार्किंग में सुबह करीब 4.15 बजे अचानक आग लग गई। लोग गहरी नींद में थे, इसलिए शुरू में किसी ने इस पर ध्यान नहीं दिया। लेकिन कुछ ही देर में आग फैल गई और धुएं का गुबार बिल्डिंग के ऊपरी फ्लोर तक पहुंच गया। धुएं की वजह से दम घुटने से लोग डर के मारे जाग गए और तुरंत बिल्डिंग से बाहर भागे। आग के धुएं की वजह से सांस लेने में दिक्कत महसूस कर रहे पांच लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही कल्याण-डोंबिवली मनपा की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने पूरी कोशिश की और कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया। हालांकि, इस आग में पार्किंग में खड़े कुल 29 टू-व्हीलर पूरी तरह जलकर राख हो गए। फ़िलहाल आग लगने का सही कारण अभी पता नहीं चला है। पुलिस और मनपा के अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी थी या किसी और तकनीकि खराबी से। संतोष झा- १५ फरवरी/२०२६/ईएमएस