क्षेत्रीय
15-Feb-2026
...


राजगढ़ (ईएमएस ) जिले के संडावता स्थित नरसिंह मंदिर में शनिवार को संत शिरोमणि रविदास जी की जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत संत रविदास जी के चित्र पर माला चढ़ाकर और दीप जलाकर की गई। राज्यमंत्री गौतम टेटवाल ने कहा कि संत रविदास जी के विचार आज भी समाज को सही रास्ता दिखा रहे हैं। उन्होंने हमेशा जात-पात और छुआछूत का विरोध किया और दुनिया को इंसानियत और बराबरी का पाठ पढ़ाया। मंत्री ने उनके प्रसिद्ध संदेश मन चंगा तो कठौती में गंगा का जिक्र करते हुए कहा कि शुद्ध मन और अच्छे काम ही ईश्वर तक पहुंचने का असली रास्ता हैं। मंत्री टेटवाल ने कहा कि संत रविदास एक ऐसे समाज (बेगमपुरा) का सपना देखते थे जहां कोई दुखी न हो। उन्होंने बताया कि सरकार की योजनाएं भी इसी सोच के साथ चलाई जा रही हैं ताकि समाज के आखिरी व्यक्ति तक मदद पहुंच सके। इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सत्यनारायण जटिया ने भी लोगों से नशा और बुराइयों को छोड़कर भाईचारे के साथ रहने की अपील की। जयंती समारोह में राष्ट्रीय महामंत्री सुरेश कैरो, प्रदेश अध्यक्ष बारेलाल अहिरवार, भाजपा जिला अध्यक्ष ज्ञान सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष पंकज पालीवाल समेत कई बड़े नेता और स्थानीय ग्रामीण शामिल हुए। सभी ने संत रविदास के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।-निखिल/राजगढ़/15/2/2026