- धर्मांतरण मुद्दे पर गांव में तनाव, सहमति से मामला शांत धमतरी(ईएसएम)। जिले के दुगली थाना क्षेत्र अंतर्गत गुहारनाला गांव में धर्मांतरित बुजुर्ग महिला के अंतिम संस्कार को लेकर विवाद खड़ा हो गया। 70 वर्षीय तितरो बाई का निधन हुआ था, जिसके बाद उनके शव को गांव में दफनाया गया। इस घटना पर ग्रामीणों और आदिवासी समाज के कुछ लोगों ने आपत्ति जताई, जिससे गांव में देर रात तक तनाव की स्थिति बनी रही। जानकारी के अनुसार, मृतका और उनका परिवार लगभग आठ साल पहले धर्म परिवर्तन कर चुका था। महिला के दफन के बाद ग्रामीणों ने पारंपरिक स्थल पर दफनाने का विरोध करते हुए शव बाहर निकालने की मांग उठाई। इससे गांव में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। देर रात तक चली बैठक में मृतका के परिवार और ग्रामीण समाज के प्रमुख लोग शामिल हुए। कई घंटे की चर्चा के बाद सहमति बनी कि मृतका के परिवार की ‘घर वापसी’ के बाद शव को लेकर चल रहा विवाद समाप्त माना जाएगा। इसके बाद ग्रामीणों ने शव निकालने की मांग वापस ले ली। फिलहाल पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर ली है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)15 फरवरी 2026