क्षेत्रीय
15-Feb-2026
...


- 23 फरवरी से अनिश्चितकालीन धरना धमतरी(ईएमएस)। जिले में गंगरेल बांध प्रभावित जनकल्याण समिति की बैठक में डूब प्रभावितों के लंबित मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अपनी मांगों को लेकर 23 फरवरी से गांधी मैदान में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। समिति पदाधिकारियों का कहना है कि वर्षों से प्रभावित परिवारों को न्याय नहीं मिल पाया है और उनकी समस्याओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। कार्यकारी अध्यक्ष हरिशंकर मरकाम ने बताया कि छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने 16 दिसंबर 2020 को आदेश दिया था कि 2004-2010 के दौरान भूमि प्राप्त प्रभावितों की तरह अन्य पात्र परिवारों को भी समान आधार पर भूमि आबंटित की जाए। न्यायालय ने आदेश मिलने के तीन माह के भीतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे, लेकिन लगभग पांच वर्ष बाद भी यह आदेश पूरी तरह लागू नहीं हो सका है। समिति के अनुसार जिला प्रशासन, राजस्व विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से अपेक्षित कार्रवाई न होने के कारण कई प्रभावित परिवार अब भी भूमि और स्थायी पुनर्वास से वंचित हैं। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। बैठक में महाराजी राम ध्रुव, आत्माराम ध्रुव, कृपाराम सिन्हा, सहदेव साहू, पंडोराम मंडावी, रोहित नेताम, जय कुमार सेन, गोपालराम सिन्हा, शंभूराम, पुष्कर सोरी और उत्तम सहारे सहित कई सदस्य मौजूद रहे। सत्यप्रकाश(ईएमएस)15 फरवरी 2026