क्षेत्रीय
15-Feb-2026
...


- लावारिस शव का किया अंतिम संस्कार, 160वीं सेवा पूरी कांकेर(ईएमएस)। शहर में लावारिस शवों के अंतिम संस्कार के लिए कार्यरत जन सहयोग समाजसेवी संस्था ने एक और मानवीय पहल करते हुए सड़क हादसे में मृत अज्ञात व्यक्ति का पूरे विधि-विधान से अंतिम संस्कार किया। इसी के साथ संस्था ने अब तक 160 लावारिस शवों का अंतिम संस्कार करने का उल्लेखनीय रिकॉर्ड स्थापित कर लिया है। जानकारी के अनुसार, चार दिन पहले नेशनल हाईवे पर हुए सड़क हादसे में लगभग 35 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई थी। मृतक के पास कोई पहचान पत्र नहीं मिलने से उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने परिजनों या पहचान करने वाले लोगों की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद शव के अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी समाजसेवी संस्था को सौंपी गई। संस्था के सदस्यों ने मानवीय संवेदना दिखाते हुए पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार संपन्न कराया। इस दौरान संस्था के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। संस्था का कहना है कि लावारिस शवों के सम्मानजनक अंतिम संस्कार की यह सेवा आगे भी निरंतर जारी रहेगी। ईएमएस(राकेश गुप्ता)15 फरवरी 2026