बिलासपुर (ईएमएस)। पीएम श्री सेजेस चकरभाठा, कोटा और मस्तूरी के कुल 1300 विद्यार्थियों ने शैक्षणिक भ्रमण के तहत छत्तीसगढ़ विधानसभा भवन का अवलोकन किया। 25 बसों में पहुंचे छात्रों को विधानसभा के अधिकारियों ने सदन की कार्यप्रणाली, निर्माण विशेषताओं और लोकतांत्रिक व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी, जो बच्चों के लिए ज्ञानवर्धक साबित हुई। भ्रमण प्राचार्य विकास नायक राय (चकरभाठा), जयप्रकाश ओझा (मस्तूरी) और सीमा त्रिखा दत्त (कोटा) के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस दौरान विधानसभा के संचालक मनीष शर्मा, अवर सचिव शेष गिरी राव और अधिकारी गौतम महिलांगे से प्रोटोकॉल मुलाकात भी की गई। बिल्हा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व स्पीकर धरमलाल कौशिक के विशेष प्रयासों से यह पहल संभव हो सकी। इसके बाद विद्यार्थियों ने पुरखौती मुक्तांगन का भ्रमण कर छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक व ऐतिहासिक धरोहरों का अवलोकन किया। शिक्षकों ने बच्चों के लिए भोजन की भी व्यवस्था की। पूरे कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों में उत्साह देखने को मिला। मनोज राज 15 फरवरी 2026