राष्ट्रीय
15-Feb-2026
...


पुणे, (ईएमएस)। कांग्रेस के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल द्वारा छत्रपति शिवाजी महाराज की तुलना टीपू सुल्तान से किए जाने के बाद महाराष्ट्र का राजनीतिक माहौल गरमा गया है। इसका असर रविवार को पुणे में देखने को मिला।भारतीय जनता पार्टी की ओर से पुणे में कांग्रेस भवन के बाहर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान दोनों पार्टियों के कार्यकर्ता कांग्रेस भवन के सामने आमने-सामने आ गए। इस दौरान दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस भवन पर पथराव किया। इस पथराव में कुछ कार्यकर्ता घायल हो गए। कांग्रेस पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि कुछ गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है। इस पत्थरबाजी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुणे के फरासखाना पुलिस स्टेशन के बाहर प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक इस मामले में पुणे के महापौर और भाजपा शहर अध्यक्ष धीरज घाटे के खिलाफ केस दर्ज नहीं होता, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा। दरअसल मालेगांव महानगरपालिका में उपमहापौर के ऑफिस में टीपू सुल्तान की फोटो लगी होने से राज्य में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने इस पर बयान दिया। इस बयान के खिलाफ कांग्रेस पार्टी ऑफिस के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान हर्षवर्धन सपकाल के खिलाफ जोरदार नारे लगाए गए। वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा के खिलाफ जोरदार नारे लगाए। इससे कुछ देर तक तनावपूर्ण माहौल हो गया। * क्या है मामला ? कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने बयान दिया था कि टीपू सुल्तान छत्रपति शिवाजी महाराज के बराबर के योद्धा थे। इस पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सपकाल से माफी की मांग करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी जिंदगी में ऐसा बेशर्म काम कभी नहीं देखा।