राष्ट्रीय
15-Feb-2026


राजकोट (ईएमएस)| जिले के जेतपुर में रविवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। जेतलसर जंक्शन रेलवे ओवरब्रिज पर एक तेज रफ्तार स्कोडा कार का इतना भयानक एक्सीडेंट हुआ कि कार के दो टुकड़े हो गए। इस भीषण हादसे में अब तक एक युवती समेत तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एक युवक का इलाज जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चार युवक-युवती जूनागढ़ में आयोजित महाशिवरात्रि मेले से लौट रहे थे। उनकी स्कोडा कार जैसे ही जेतलसर जंक्शन रेलवे पुल पर पहुंची, चालक का स्टेयरिंग से नियंत्रण हट गया और कार पुल की सुरक्षा दीवार से जोरदार टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के दो हिस्से हो गए और उसके हिस्से सड़क के दोनों ओर जा गिरे। हादसे के बाद कुछ समय के लिए मौके पर ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बन गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में मुस्कान बगड़ा नामक युवती और अरुण वाला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, अमित परमार और जयदीप चौहान को गंभीर हालत में तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान जयदीप चौहान ने भी दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई। हादसे में घायल अमित परमार का इलाज जारी है और उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस का काफिला तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गया। पुलिस ने मौके का मुआयना कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन पर से नियंत्रण खोना हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। रविवार की यह सुबह जेतपुर के लिए “खूनी रविवार” साबित हुई। महाशिवरात्रि मेले की खुशियां मातम में बदल गईं। मृतकों के परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई है और पूरे इलाके में इस हादसे को लेकर गहरा दुःख व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ओवरब्रिज पर सुरक्षा इंतजाम और कड़े ट्रैफिक नियंत्रण की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके। सतीश/15 फरवरी