राष्ट्रीय
03-Mar-2026


गुवाहाटी(ईएमएस)। कांग्रेस ने असम विधानसभा चुनाव के लिए 42 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। लोकसभा में विपक्ष के उपनेता और जोरहाट से सांसद गौरव गोगोई, जोरहाट विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। अभिजीत पॉल को सिलचर से, इंद्रनील पेगु को माजुली से और मीरा बोरठाकुर गोस्वामी को दिसपुर से उम्मीदवार बनाया गया है। रिपुन बोरा बरचल्ला से चुनाव मैदान में होंगे। असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव मार्च-अप्रैल में होने की संभावना है। वर्तमान विधानसभा में भाजपा के 64 सदस्य हैं, जबकि उसके सहयोगियों असम गण परिषद के 9, यूनाइटेड पीपल्स पार्टी लिबरल के 7 और बोडोलैंड पीपल्स फ्रंट के 3 सदस्य हैं। विपक्ष में कांग्रेस के 26 विधायक, एआईयूडीएफ के 15 और सीपीआई (एम) का 1 विधायक है। एक निर्दलीय विधायक भी है। साल 2021 के असम विधानसभा चुनाव में, सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने 75 सीटों के साथ सत्ता बरकरार रखी थी, जो राज्य में पहली बार किसी गैर-कांग्रेसी गठबंधन की लगातार दूसरी जीत थी। कांग्रेस के नेतृत्व वाले महाजोत गठबंधन ने 50 सीटें जीतीं, जो 2016 में उसकी 26 सीटों की तुलना में अधिक थीं। ईएमएस/ 03 मार्च, 2026