* 308 विशेष ट्रेनों का संचालन, अहमदाबाद मंडल से 3 लाख यात्रियों ने किया यात्रा लाभ अहमदाबाद (ईएमएस)| होली पर्व के अवसर पर बढ़ी हुई यात्री भीड़ को प्रभावी ढंग से प्रबंधित करने के लिए पश्चिम रेलवे द्वारा व्यापक एवं सुव्यवस्थित व्यवस्थाएँ की गईं। सभी विभागों के मध्य सुदृढ़ समन्वय स्थापित करते हुए यह सुनिश्चित किया गया कि अपने गृह नगरों की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं निर्बाध यात्रा सुविधा प्राप्त हो। पश्चिम रेलवे ने होली पर्व के दौरान बढ़ी हुई यात्री भीड़ को ध्यान में रखते हुए फरवरी के अंतिम सप्ताह तथा मार्च माह में अपने स्टेशनों से 308 विशेष ट्रेनों के फेरे संचालित करने की घोषणा की है। इसी क्रम में 21 फरवरी से 02 मार्च, 2026 के दौरान पश्चिम रेलवे ने गोरखपुर, बनारस, दानापुर, समस्तीपुर, दरभंगा, भगत की कोठी (जोधपुर), हरिद्वार, रक्सौल, हजरत निजामुद्दीन, दिल्ली सहित अन्य महत्वपूर्ण स्टेशनों के लिए कुल 266 विशेष ट्रेनों का संचालन किया। ये विशेष ट्रेनें उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान एवं गुजरात जैसे प्रमुख राज्यों को जोड़ते हुए यात्रियों की अतिरिक्त मांग को पूरा करने हेतु चलाई गईं। 27 फरवरी से 02 मार्च, 2026 की अवधि के दौरान पश्चिम रेलवे द्वारा 27 लाख से अधिक यात्रियों को उनके गंतव्य तक सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुविधा प्रदान की गई। अहमदाबाद मंडल के अंतर्गत अहमदाबाद, साबरमती, असारवा, गांधीधाम एवं भुज स्टेशनों से 27, 28 फरवरी एवं 01 मार्च, 2026 को संचालित विशेष ट्रेनों के माध्यम से 3 लाख से अधिक यात्रियों ने यात्रा की। * स्टेशनवार यात्री संख्या इस प्रकार रही – अहमदाबाद से लगभग 1.55 लाख यात्री साबरमती से 70 हजार यात्री असारवा से 30 हजार यात्री गांधीधाम से 30 हजार यात्री भुज से 15.5 हजार यात्री * भीड़ प्रबंधन हेतु प्रभावी कदम होली पर्व के दौरान यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निम्नलिखित विशेष उपाय लागू किए गए विशेष ट्रेनों के संबंध में निरंतर उद्घोषणाएँ कर यात्रियों में भ्रम की स्थिति से बचाव किया गया। इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले बोर्ड पर ट्रेनों की अद्यतन जानकारी प्रदर्शित की गई। रेलवे कर्मचारियों द्वारा यात्रियों को मार्गदर्शन एवं सहायता प्रदान की गई। एटीवीएम एवं रेलवन ऐप के माध्यम से टिकट लेने हेतु जागरूकता अभियान चलाया गया। मोबाइल यूटीएस सुविधा के माध्यम से कतार में प्रतीक्षारत यात्रियों को टिकट उपलब्ध कराए गए। अतिरिक्त आरक्षण काउंटर, एटीवीएम एवं हैंडहेल्ड टिकटिंग टर्मिनल की व्यवस्था की गई। प्रमुख स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया बनाकर यात्री आवागमन को सुव्यवस्थित किया गया। होल्डिंग एरिया में पेयजल, बैठने की व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाएँ सुनिश्चित की गईं। विशेष ट्रेनों की जानकारी प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक रूप से प्रसारित की गई। परिचालन आवश्यकताओं के अनुरूप ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई। प्रमुख स्टेशनों एवं ट्रेनों में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) तथा टिकट जांच कर्मचारियों की पर्याप्त तैनाती की गई। संवेदनशील स्टेशनों पर सीसीटीवी के माध्यम से वास्तविक समय में निगरानी की गई। विशेष ट्रेनों की समयपालन सुनिश्चित करने हेतु निरंतर मॉनिटरिंग की गई। फुटओवर ब्रिज, प्लेटफॉर्म, प्रवेश/निकास द्वार एवं ट्रेनों में सुरक्षित चढ़ने-उतरने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। पश्चिम रेलवे अपने नेटवर्क पर यात्री आवागमन की सतत निगरानी कर रहा है तथा होली पर्व के दौरान यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक एवं सुविधाजनक यात्रा प्रदान करने के लिए अतिरिक्त विशेष ट्रेनों के संचालन एवं आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है। सतीश/03 मार्च