क्षेत्रीय
15-Feb-2026


शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब पूरे जिले में मेले सा रहा माहौल, देर रात तक खुले रहे मंदिरों के कपाट छिंदवाड़ा (ईएमएस)। भगवान महादेव और माता पार्वती के विवाह के पर्व शिवरात्रि के दिन शहर सहित पूरा जिला रविवार को शिवमय दिखा। अर्धरात्रि से मंदिरों में अभिषेक पूजन के साथ मंत्रोच्चार और हर हर महादेव के स्वर गूंजते दिखे। जैसे-जैसे सुबह होती गई मंदिरों में शिवलिंगों पर जलार्पण और दर्शन के लिए कतार लगनी शुरू हुई जो शाम तक रही। देर रात तक लोग मंदिरों में दर्शन और आरती में पहुंचे। जगह-जगह मंदिरों में भजनों पर शिवभक्त झूमते दिखे। दर्जनों जगह भंडारोंमें लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान प्रशासन ने भी चाक चौबंद व्यवस्था कर रखी थी। छिंदवाड़ा सहित पूरे जिले में शिवरात्रि की धूम रही। रेलवे स्टेशन के पास स्थित प्राचीन और ऐतिहासिक पातालेश्वर शिव मंदिर में सबसे ज्यादा लोग दर्शन के लिए पहुंचे। महाशिवरात्रि पर यहां सुबह 4 बजे से ही भक्तों की लंबी कतारें लग गईं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु बेलपत्र, दूध और जल लेकर अभिषेक करने पहुंचे। मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थी। परिसर में भजन कीर्तन और शिव बाबा के भजनों ने माहौल और भक्तिमय बना दिया। कालीबाड़ी परिसर स्थित शिव मंदिर, संकटमोहन मंदिर, अनगढ़ हनुमान मंदिर, गांधी गंज स्थित मंदिर, कलेक्टर परिसर स्थित मंदिर, सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित मंदिरों में भी शिवरात्रि पर विशेष अभिषेक और पूजन का कार्यक्रम किया गया। मोक्षधाम में बाबा का श्रृंगार देखकर लोग अभीभूत मोक्षधाम स्थित महाकाल मंदिर में शिवरात्रि के दिन भोले बाबा का श्रृंगार देख शिवभक्त अभीभूत हो गए। दोपहर बारह बजे तो यहां पूरे परिसर में पैर रखने की जगह नहीं बची। यही स्थिति रात को महाआरती के समय भी दिखी। परिसर में दोपहर बाद भोलेबाबा और उनकी टोली के आकर्षक नृत्य में यहां उपस्थित श्रद्धालु भी झूम उठे। टाउन हाल शिव मंदिर में भी उमड़े श्रद्धालु टाउन हाल स्थित शिवमंदिर को भी शिवरात्रि के उपलक्ष्य में आकर्षक तरीके से सजाया गया था। यहंा भी भोलेनाथ की प्रतिमा काआकर्षक श्रृंगार किया गया। सुबह से अभिषेक पूजन के लिए यहंा लोग पहुंचे। परिसर में लक्ष्मीनारायण भगवान के साथ अन्य देवी देवताओं के पूजन के बाद यहां फलाहारी प्रसाद बांटा गया। दोपहर बाद आर्केष्ट्रा के कलाकारों ने यहंा संगीतमय भजनों की प्रस्तुतियां भी दी। यहंा भी देर रात तक श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते रहे। ज्योतिर्लिंगो के भी हुए दर्शन शिवरात्रि के दिन कई स्थानों पर विशेष शिवलिंगों की स्थापना कर उनकी पूजन के आयोजन भी हुए। नरसिंहपुर रोड पर बर्फानी बाबा समिति ने बर्फ का ज्योतिर्लिंग बनाकर उसका पूजन किया। अनगढ़ हनुमान मंदिर में भी शाम को आठ फिर ऊंचे बर्फानी बाबा का अभिषेक किया गया। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी संस्थान ने भी दिव्य ज्योतिर्लिंग की स्थापना कर दर्शन कराए। शहर के कई स्थानों पर शिवलिंगों की झांकी निकाली गई। जगह-जगह लोगों ने इनके दर्शन किए और श्रद्धानवत हुए। ्रजिले के इन स्थानों पर भी पहुंचे श्रद्धालु संतरांचल के मोहगांव स्थित अर्धनारीश्वर मंदिर, जुन्नारदेव स्थित महादेव जाने के पहले दर्शन के लिए स्थित पहली पायरी, चौरई रोड स्थित रामेश्वर धाम, अमरवाड़ा क्षेत्र में गरमेटा स्थित शिवधाम में हर साल की तरह शिवरात्रि पर आस्था उमड़ती दिखी। शहर सहित जिले के कई श्रद्धालु शिवरात्रि के दिन भी चौरागढ़ महादेव के दर्शन करने के लिए पहुंचे। दर्जनों जगह हुए फलाहारी भंडारे शिवरात्रि के दिन शहर में दर्जनों जगह फलाहारी भंडारे बांटे गए। मंदिरों में तो ये प्रसाद बंटा ही मुहल्ल्लों में सामाजिक धार्मिक संगठनों ने भी इसका आयोजन किया। फलाहारी प्रसाद में साबूदाने की खीर, मठा, गन्ने का रस बांटा गया तो साबूदाने की खिचड़ी, फलाहारी बड़े, फलाहारी चिवड़ा भी जगह-जगह बांटा गया। कई स्थानों पर चाय, पानी के साथ केला, अंगूर भी बांटे गए। दोपहर बारह बजे से फलाहारी प्रसाद का वितरण शुरू हुआ जो देर शाम तक चलता रहा। ईएमएस/मोहने / 15 फरवरी 2026