क्षेत्रीय
16-Feb-2026
...


फिरोजाबाद(ईएमएस)जीआरपी थाना टूंडला जंक्शन पुलिस ने ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को निशाना बनाने वाले तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से चोरी और छिनैती के 4 अंगूठी, 1 मंगलसूत्र, 1 जोड़ी कान के झाले, 1 जोड़ी कान के बुंदे, 1 चेन (सभी पीली धातु) तथा 31,640 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक रेलवे उ.प्र. लखनऊ के निर्देश और पुलिस महानिरीक्षक रेलवे प्रयागराज के पर्यवेक्षण में, पुलिस अधीक्षक रेलवे अनुभाग आगरा श्री अनिल कुमार झा के निर्देशन तथा पुलिस उपाधीक्षक रेलवे इटावा की देखरेख में चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत की गई। प्लेटफॉर्म नंबर 4 से दबोचे गए आरोपी जीआरपी टूंडला, आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीम रेलवे स्टेशन पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि प्लेटफॉर्म नंबर 4 के पूर्वी छोर पर तीन संदिग्ध युवक किसी वारदात की फिराक में बैठे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर तीनों युवक भागने लगे, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। पूछताछ में कबूली कई वारदातें गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि बरामद माल उन्होंने ट्रेनों में चोरी और छिनैती की घटनाओं से हासिल किया था। पहली घटना: 2 दिसंबर 2025 को गोमती एक्सप्रेस (इटावा से टूंडला के बीच) में एक महिला का पर्स चोरी किया। इस मामले में जीआरपी टूंडला पर मुकदमा दर्ज है। दूसरी घटना: 20 दिसंबर 2025 की रात टूंडला से कानपुर जा रही ट्रेन में फिरोजाबाद स्टेशन के आसपास एक महिला का हैंडबैग छीना। इस संबंध में जीआरपी फिरोजाबाद पर मुकदमा पंजीकृत है। तीसरी घटना: 26/27 जून 2025 की रात टूंडला स्टेशन के पास एक महिला का पर्स चोरी किया। बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की वृद्धि की गई है। गिरफ्तार अभियुक्त अर्जुन पुत्र रामशरण सिंह यादव, निवासी हिमायूपुर (दादू नगर), थाना दक्षिण, जनपद फिरोजाबाद, उम्र करीब 40 वर्ष। सुबोध कुमार पुत्र भारत सिंह, मूल निवासी नगला वरी थाना बरहन, आगरा; हाल निवासी हिमायूपुर सब्जी मंडी के पास, थाना दक्षिण फिरोजाबाद, उम्र करीब 42 वर्ष। विशाल पुत्र रतेन्द्र, निवासी ग्राम गदाई (मिसोली), थाना जलेसर, जनपद एटा, उम्र करीब 25 वर्ष। पुलिस द्वारा तीनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। जीआरपी ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। ईएमएस