राज्य
16-Feb-2026
...


- घायल ग्रामीण की मौत बलरामपुर(ईएमएस)। जिले के हंसपुर गांव में राजस्व अधिकारियों पर ग्रामीणों से मारपीट का गंभीर आरोप लगा है। घटना कुसमी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां मारपीट में घायल एक ग्रामीण की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हैं। जानकारी के अनुसार कुसमी एसडीएम करुण डहरिया और नायब तहसीलदार पारस शर्मा राजस्व टीम के साथ रविवार देर शाम हंसपुर गांव पहुंचे थे। टीम बक्साइट के अवैध उत्खनन की जांच कर रही थी। घायलों का आरोप है कि वे गेहूं के खेत से सिंचाई कर लौट रहे थे, तभी अधिकारियों और उनके साथ मौजूद लोगों ने उन्हें रोककर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से पीटा। बाद में तीनों ग्रामीणों को वाहन से कुसमी लाया गया। रास्ते में एक ग्रामीण बेहोश हो गया, जिसके बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान राम नरेश राम (60) की मौत हो गई। घायलों में अजीत उरांव (60) और आकाश अगरिया (20) शामिल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव की आशंका को देखते हुए अस्पताल और थाना परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि अभी एफआईआर दर्ज नहीं हुई है, लेकिन एसडीएम समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)16 फरवरी 2026