क्षेत्रीय
16-Feb-2026
...


दतिया ( ईएमएस ) | कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े एवं पुलिस अधीक्षक श्री सूरज कुमार वर्मा की अध्यक्षता में आज सोमवार को न्यू कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में परिवहन अधिकारी, क्षेत्रीय प्रदूषण अधिकारी ग्वालियर, खनिज विभाग के अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में कलेक्टर श्री वानखड़े द्वारा जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर अंकुश लगाने हेतु सभी विभागों को निर्देशित किया गया। साथ ही जिले में हो रहे अवैध रेत डंप पर संयुक्त कार्रवाई करने हेतु खनिज एवं पुलिस विभाग को निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्री वानखड़े ने निर्देशित किया कि खनिज परिवहन करने वाले बिना नंबर प्लेट के वाहनों एवं छेड़छाड़/अस्पष्ट नंबर प्लेट वाले वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही खनिज परिवहन से संबंधित दस्तावेजों की जांच के दौरान जिला खनिज अधिकारी एवं परिवहन अधिकारी द्वारा नियमित जांच अभियान चलाया जाए। उन्होंने वन क्षेत्रों में हो रहे रेत अवैध उत्खनन की रोकथाम हेतु संबंधित विभाग को आवश्यक निरीक्षण एवं कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। पुलिस अधीक्षक श्री सूरज वर्मा ने कहा कि अवैध उत्खनन के विरुद्ध निरंतर कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यवाही करने के निर्देश दिए, ताकि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित हो सके।