दुमका(ईएमएस)।दुमका जिलांतर्गत जामा थाना क्षेत्र के दुमका मसलिया पथ पर बेदिया स्थित एक अर्धनिर्मित कुएं से ट्रक ड्राइवर का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही जामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान दीपक कुमार यादव (22 वर्ष) के रूप में हुई है, जो गिरिडीह जिले के जमुआ थानांतर्गत कुसौया रहने वाला था। मृतक के पिता रामदेव यादव ने बताया कि दीपक पेशे से ट्रक ड्राइवर था।वह 12 फरवरी को साहेबगंज से ट्रक खाली कर दुर्गापुर (पश्चिम बंगाल) जा रहा था।इसी दौरान जामा थाना क्षेत्र के चुटोनाथ के समीप ट्रक एक बाउंड्री से टकरा गया था, जिससे हल्का नुकसान हुआ, लेकिन दीपक को कोई चोट नहीं लगी।दुर्घटना के बाद वह घबराकर संतोष होटल या विष्णु होटल पहुंचा और किसी दूसरे व्यक्ति के मोबाइल से अपने पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी।दीपक ने बताया था कि कुछ अज्ञात लोगों ने उसके दो मोबाइल फोन, ट्रक की दो बैट्री, चाबी, डीजल तथा भाड़े के 40 हजार रुपए छीन लिए है।इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल रहा था।इस संबंध में पिता ने पहले ही जामा थाना में लिखित आवेदन देकर पुत्र के लापता होने की सूचना दी थी तथा दुर्घटना के बाद मारपीट कर अपहरण व लूटपाट की आशंका जताई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पिता के आवेदन के आधार पर जामा थाना कांड संख्या 12/16-02-2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि लापता होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस युवक की तलाश कर रही थी।इसी क्रम में ग्रामीण चौकीदार से सूचना मिली थी कि बेदिया स्थित एक कुएं में शव पड़ा है।पुलिस पूरे मामले की गहन जांच-पड़ताल कर रही है। कर्मवीर सिंह/16फरवरी/26