पाटन में कार की टक्कर, शहपुरा में बाइक से गिरा युवक जबलपुर (ईएमएस)। जिले में बीते 24 घंटे में अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पाटन क्षेत्र में कार की टक्कर से बाइक सवार की जान चली गई, वहीं शहपुरा क्षेत्र में बाइक से गिरने पर एक अन्य युवक की मौत हो गई। पाटन पुलिस थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरु पिपरिया वेयर हाउस के पास स्कॉर्पियो क्रमांक एमपी 20 सीई 1039 के चालक ने अजीत मंडल की बाईक में तेज रफ्तार से टक्कर मार दी. इस हादसे में अजीत और अक्षय सड़क पर गिरकर घायल हो गए। दोनों को शासकीय अस्पताल पाटन लाया गया, जहां डॉक्टरों ने अजीत मंडल निवासी ग्राम बांसघाट, अरवल (बिहार) को मृत घोषित कर दिया, जबकि अक्षय को गंभीर हालत में रेफर किया गया। शहपुरा में बाइक से गिरने पर युवक की मौत..... इसी तरह शहपुरा थाना क्षेत्र में विमल धर्म कांटा के पास राज मिस्त्री का काम करने वाला 28 वर्षीय प्रदीप गोंटिया रात 9 बजे घर लौटते समय बाईक से गिरकर बेहोश हो गया. सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे उपचार के लिए शासकीय अस्पताल शहपुरा ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद प्रदीप गोटिया को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों मामलों में फिलहाल मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में लिया है। सुनील साहू / शहबाज/ 16 फरवरी 2026/ 06.00