राज्य
16-Feb-2026


गांधीनगर (ईएमएस)| केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा योजना के स्थान पर नई ‘विकसित भारत जी राम जी’ योजना लाए जाने के विरोध में गुजरात कांग्रेस सड़कों पर उतर आई है। विधानसभा के बजट सत्र के पहले ही दिन सोमवार को गांधीनगर की सत्याग्रह छावनी में गुजरात प्रदेश कांग्रेस समिति ने ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ के बैनर तले विशाल ‘जन आक्रोश सभा’ का आयोजन किया। सभा में राज्यभर से आए किसानों, आदिवासियों, महिला कर्मचारियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भारी उपस्थिति रही। मंच से कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा और इसे गरीब, किसान और मजदूर विरोधी करार दिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि यहां उपस्थित जनसमूह मनरेगा घोटाले और महिला कर्मचारियों के शोषण के जीवंत प्रमाण लेकर आया है। उन्होंने ऐलान किया कि “राहुल गांधी के योद्धा जनता के हक के लिए सड़क से लेकर विधानसभा तक लड़ेंगे, जरूरत पड़ी तो लाठी और गोली भी खाएंगे।” चावड़ा ने ‘जन आक्रोश यात्रा’ का उल्लेख करते हुए दावा किया कि यात्रा के दौरान शराब, ड्रग्स और भ्रष्टाचार से जुड़े कई सबूत सामने आए हैं। उन्होंने पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि जनता खुलकर कह रही है कि पुलिस हफ्ता लेती है। विपक्ष के नेता तुषार चौधरी ने भाजपा के ‘डबल इंजन’ दावे पर तंज कसते हुए कहा, “एक इंजन महंगाई बढ़ाता है और दूसरा भ्रष्टाचार करता है।” उन्होंने सवाल किया कि अगर विकास हुआ है तो राज्य के 3.65 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज क्यों देना पड़ रहा है? पूर्व केंद्रीय मंत्री भरतसिंह सोलंकी ने भाजपा पर अंग्रेजों से भी ज्यादा भ्रष्टाचार करने का गंभीर आरोप लगाया। वहीं विधायक शैलेष परमार ने स्थानीय निकाय चुनाव बैलेट पेपर से कराने की चुनौती देते हुए कहा कि तब ‘दूध का दूध और पानी का पानी’ हो जाएगा। उन्होंने आम आदमी पार्टी को भाजपा की ‘बी टीम’ बताया। सांसद गेनीबेन ठाकोर ने राज्य में शराब और ड्रग्स के बढ़ते प्रभाव तथा प्रशासन की निष्क्रियता पर हमला बोला। महिला नेता जेनी ठुम्मर ने महिला मंत्रियों पर कटाक्ष करते हुए आरोप लगाया कि वे केवल महंगी साड़ियां पहनने तक सीमित हैं और महिलाओं के मुद्दों पर मौन साधे हुए हैं। आदिवासी नेता अनंत पटेल ने भाजपा को ‘नारंगी गैंग’ बताते हुए आदिवासी अधिकारों की रक्षा के लिए सरकार बदलने की अपील की। गुजरात में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने इस सभा के जरिए स्पष्ट संकेत दे दिए हैं कि वह मनरेगा और सामाजिक मुद्दों को केंद्र में रखकर भाजपा के खिलाफ व्यापक जन आंदोलन खड़ा करेगी। सतीश/16 फरवरी