ज़रा हटके
17-Feb-2026
...


-चीनी फर्म साल भर के प्रदर्शन के आधार पर कर्मचारियों को करती हैं पुरस्कृत बीजिंग,(ईएमएस)। चीन में लूनर न्यू ईयर यानी चंद्र नव वर्ष धूमधाम से मनाया जाता है। इस अवसर पर बंपर बोनस और गिफ्ट बांटने की प्रथा है। अब इस त्योहार के नजदीक आते ही चीन में कई कारोबारी बोनस बांटने में जुटे हैं। कई फर्में कर्मचारियों को नकद रकम दे रही हैं। इतना अधिक कैश बोनस मिल रहा है कि उसे हाथों में संभालना मुश्किल है। बोनस मिलने के बाद कर्मचारी इन पैसों को बॉक्स, बैग में भरकर ले जाते नजर आ रहे हैं, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। यह परंपरा चीनी न्यू ईयर से पहले चरम पर पहुंच जाती है। इस दौरान चीनी फर्म साल भर के प्रदर्शन के आधार पर कर्मचारियों को पुरस्कृत करती हैं। नकद बोनस को एक रोचक खेल में बदल जाता है। हेनान प्रांत की एक क्रेन निर्माण कंपनी ने 50-70 मीटर लंबी टेबल पर लाखों युआन के नोट बिछा दिए और कर्मचारियों को 15 मिनट में जितना गिन सकें, उतना ले जाने की बात कह दी। चीन में यह परंपरा बड़ी अजीब है। अगर किसी ने सही काउंटिंग नहीं की तो उसकी गलत गिनती पर जुर्माना भी लगाया जाता है। रिपोर्ट के मुताबिक एक कर्मचारी ने 97,800 युआन करी 14,500 अमेरिकी डॉलर तक गिन लिए। कंपनी ने कुल 100 मिलियन युआन यानी 14 मिलियन डॉलर का बोनस पूल बनाया, जिससे 5,000 कर्मचारियों को लाभ हुआ। एक अन्य फर्म ने 60 मिलियन युआन नकद बांटे, जहां कर्मचारी नोटों के पहाड़ से पैसे उठा रहे थे। जियांग्शी प्रांत में किसानों को भी रिकॉर्ड बोनस मिले, जहां 21.29 मिलियन युआन के ढेर बनाए गए। ये बड़े बोनस आर्थिक सुधार, मजबूत प्रदर्शन और कर्मचारियों को बनाए रखने की रणनीति का हिस्सा हैं। चीन में ऐसा मनता है न्यू ईयर। चीनी संस्कृति में साल के अंत का बोनस घर लौटने और परिवार के साथ त्योहार मनाने के लिए अहम होता है। हालांकि सभी फर्म और कंपनियां नकद नहीं देतीं कुछ बैंक ट्रांसफर या गिफ्ट्स देती हैं, लेकिन नकद ढेर वाली घटनाएं सबसे ज्यादा चर्चा बटोरती हैं। यह ट्रेंड दिखाता है कि चीन में कुछ क्षेत्रों में आर्थिक रिकवरी मजबूत है, खासकर मैन्युफैक्चरिंग और टेक सेक्टर में कर्मचारी खुश हैं। लूनर न्यू ईयर 2026 में कई परिवारों के लिए बड़े तोहफे बन रहे हैं। सिराज/ईएमएस 17 फरवरी 2026