ज़रा हटके
17-Feb-2026
...


लंदन (ईएमएस)। क्या आपको पता है, दुनिया का अधिकांश वन क्षेत्र कुछ चुनिंदा देशों में केंद्रित है। हालिया वैश्विक रिपोर्ट्स के अनुसार, रूस दुनिया का सबसे अधिक वन क्षेत्र वाला देश है, जहां लगभग 832.6 मिलियन हेक्टेयर भूमि घने जंगलों से ढकी हुई है। यह वैश्विक वन क्षेत्र का 20 प्रतिशत से भी अधिक हिस्सा है। रूस के जंगल मुख्य रूप से साइबेरिया में फैले हैं, जिन्हें टैगा वन कहा जाता है। यहां लंबे समय तक बर्फबारी रहती है और जंगलों का बड़ा भाग सालभर बर्फ की चादर में ढका रहता है। इन वनों में साइबेरियाई बाघ और भूरे भालू जैसे दुर्लभ जीव पाए जाते हैं। दूसरे स्थान पर है ब्राजील, जो लगभग 486 मिलियन हेक्टेयर जंगलों का घर है। यहां स्थित अमेजन वर्षा वन दुनिया का सबसे बड़ा उष्णकटिबंधीय जंगल है, जिसे ‘धरती के फेफड़े’ के रूप में जाना जाता है। अमेजन लाखों प्रजातियों के पौधों और जानवरों का घर है और वैश्विक जैव विविधता का सबसे महत्वपूर्ण केंद्र माना जाता है। कनाडा लगभग 368.8 मिलियन हेक्टेयर वन क्षेत्र के साथ तीसरे स्थान पर है। यहां के विशाल बोरियल जंगल देश के लगभग 40 प्रतिशत हिस्से को ढकते हैं। न्यूफाउंडलैंड और लैब्राडोर से लेकर यूकॉन तक फैला यह क्षेत्र वन्य जीवन और वनस्पतियों की विविधता से भरपूर है। यहां मानव हस्तक्षेप अन्य देशों की तुलना में काफी कम है। चौथे स्थान पर है संयुक्त राज्य अमेरिका, जहां लगभग 308.9 मिलियन हेक्टेयर वन क्षेत्र मौजूद है। अलास्का के बोरियल वन, पश्चिमी क्षेत्रों के रेडवुड, एपलाचियन के पर्णपाती वन और हवाई के उष्णकटिबंधीय जंगल अमेरिका की वन विविधता को विशेष बनाते हैं। पांचवें स्थान पर आता है चीन, जिसका लगभग 227.2 मिलियन हेक्टेयर हिस्सा जंगलों से आच्छादित है। चीन ने पिछले दशक में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान चलाए, जिसके चलते 2015 से 2025 के बीच हर साल औसतन 1.69 मिलियन हेक्टेयर नए जंगल जोड़े गए। भारत ने भी वैश्विक वन रैंकिंग में मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। एफएओ 2025 की रिपोर्ट के मुताबिक भारत दुनिया में नौवें स्थान पर है। यहां लगभग 72.7 मिलियन हेक्टेयर वन क्षेत्र फैला है हिमालय के शीतोष्ण वनों से लेकर सुंदरबन के मैंग्रोव और पश्चिमी घाट के वर्षावन इसकी प्राकृतिक विविधता को दर्शाते हैं। सुदामा/ईएमएस 17 फरवरी 2026