मनोरंजन
17-Feb-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड फिल्म अल्फा के सेट पर एक्ट्रेस आलिया भट्ट और एक्टर बॉबी देओल के बीच क्रिएटिव मतभेद को लेकर तनाव पैदा होने की खबर है। ऑनलाइन ट्रेंड होती खबरों ने फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। हालांकि इस बारे में दोनों कलाकारों या मेकर्स की तरफ से कोई आधिकारिक बयान अभी तक नहीं आया है। सूत्रों का दावा है कि शूटिंग के दौरान आलिया भट्ट अक्सर अपने सीन के साथ-साथ बॉबी देओल के सीन पर भी सुझाव दे रही थीं। बताया जा रहा है कि बॉबी देओल ने इस रवैये पर आपत्ति जताई, जिसके बाद स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि फिल्म के प्रोड्यूसर आदित्य चोपड़ा को सेट पर हस्तक्षेप करना पड़ा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, तनाव बढ़ने के बावजूद शूटिंग को बिना बाधा के पूरा करने की कोशिशें जारी रखी गईं। इस बीच, फिल्म की रिलीज़ पर भी अनिश्चितता के बादल मंडरा रहे हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स का दावा है कि यशराज फिल्म्स की यह महत्वाकांक्षी फीमेल-लीड एक्शन फिल्म थिएटर में रिलीज़ होने के बजाय सीधे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर जा सकती है। हालांकि, ऐसी खबरें हैं कि इस निर्णय पर आलिया भट्ट ने नाराज़गी जताई है, क्योंकि वह लंबे समय से बड़े पर्दे पर एक मजबूत महिला-केंद्रित एक्शन फिल्म का प्रतिनिधित्व करना चाहती थीं। उन्होंने पिछली बार जेद्दा में हुए रेड सी फ़िल्म फ़ेस्टिवल में भी कहा था कि यह फिल्म उनके लिए एक बड़ा जोखिम है, क्योंकि ऐतिहासिक रूप से फीमेल-हीरो फिल्मों को वैसी सफलता नहीं मिलती जैसी पुरुष-प्रधान फिल्मों को मिलती है। दूसरी ओर, प्रोडक्शन कंपनी यशराज फिल्म्स ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए बताया कि फिल्म की रिलीज़ डेट आगे बढ़ाई जा रही है। पहले इसे क्रिसमस 2025 पर रिलीज़ किया जाना था, लेकिन अब नई तारीख 17 अप्रैल 2026 तय की गई है। कंपनी के अनुसार, फिल्म के वीएफएक्स को उच्च स्तर पर तैयार करने के लिए अतिरिक्त समय की ज़रूरत है, और मेकर्स किसी भी तरह की जल्दबाजी नहीं करना चाहते। उनका कहना है कि वे दर्शकों को एक भव्य सिनेमैटिक अनुभव देना चाहते हैं, और इसी कारण रिलीज़ को आगे बढ़ाया गया है। सुदामा/ईएमएस 17 फरवरी 2026