मनोरंजन
17-Feb-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड की रोमांटिक-एक्शन ड्रामा फिल्म ओ रोमियो सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। फिल्म की कहानी को लेकर लंबे समय तक विवाद चला और मामला कोर्ट तक पहुंच गया था, लेकिन इसे हुसैन उस्तरा की कहानी से प्रेरित न मानते हुए अदालत ने रिलीज की अनुमति दे दी। शाहिद कपूर, तृप्ति डिमरी और अविनाश तिवारी की इस फिल्म के रिलीज के दिन अभिनेता शाहिद कपूर की पत्नी मीरा राजपूत कपूर ने वैलेंटाइन वीक के मौके पर अपने असली रोमियो शाहिद के लिए प्यार से भरा संदेश साझा किया। मीरा ने अपनी और शाहिद की रोमांटिक तस्वीरें पोस्ट कीं और लिखा, “मेरे रोमियो, जब वो पूछे ‘मैं हूं कि हूं नहीं?’ तो याद रखना, तुम वही हो अथक, अविश्वसनीय प्रतिभा वाले, जिनकी आंखें हजारों शब्द कहती हैं। तुम्हारा दिल हमेशा सब ठीक करने की कोशिश करता है, और जो तुम्हें थामे हुए है, वही प्रकाश है। अब चमकने का समय है। तुम्हें शानदार कहना भी कम होगा। मुझे तुम पर बहुत गर्व है।” मीरा की इस पोस्ट से साफ झलकता है कि उन्हें शाहिद और उनकी नई फिल्म से काफी उम्मीदें हैं। साल 2019 में शाहिद कपूर ने कबीर सिंह के साथ बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल की थी, लेकिन इसके बाद उनकी फिल्मों का प्रदर्शन औसत रहा। ऐसे में ‘ओ रोमियो’ को लेकर फैंस और परिवार, दोनों की एक्सपेक्टेशंस काफी बढ़ गई हैं। फिल्म की एडवांस बुकिंग ने भी निर्माताओं की उम्मीदें बढ़ाई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘ओ रोमियो’ 11 फरवरी तक लगभग 1.42 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग कर चुकी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, भारत में तय किए गए 3,449 शोज के लिए 11 जनवरी तक करीब 16,226 टिकट बिक चुके थे। सबसे ज्यादा टिकट्स दिल्ली-एनसीआर रीजन में खरीदे गए हैं। ‘ओ रोमियो’ एक रोमांटिक और एक्शन-पैक्ड कहानी है, जिसमें शाहिद कपूर बेहद इंटेंस और खूंखार लुक में दिखाई दे रहे हैं। सुदामा/ईएमएस 17 फरवरी 2026