17-Feb-2026
...


फिरोजाबाद(ईएमएस)जिले में एक रिटायर्ड फौजी को साइबर अपराधियों ने “डिजिटल अरेस्ट” के नाम पर ठगी का शिकार बना लिया। आरोपियों ने उनके फौजी बेटे को बलात्कार के मामले में गिरफ्तार बताकर 4 लाख रुपये की मांग की और डर के माहौल में उनसे करीब 2 लाख रुपये क्यूआर कोड के जरिए ट्रांसफर करा लिए। पीड़ित ने इस मामले में साइबर थाने और टूंडला कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। - क्या है पूरा मामला? टूंडला कोतवाली क्षेत्र के रामनगर कॉलोनी निवासी नरोत्तम सिंह, जो सेना से सेवानिवृत्त हैं, सोमवार सुबह साइबर ठगी का शिकार हो गए। नरोत्तम सिंह के मुताबिक, सुबह उनके व्हाट्सएप पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को जोधपुर पुलिस से जुड़ा बताते हुए कहा कि उनके बेटे राहुल सिंह को बलात्कार के मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है। राहुल सिंह जोधपुर में सेना में हवलदार पद पर तैनात हैं और सी ऑफिस में क्लर्क का कार्य करते हैं। कॉल करने वाले ने राहुल की निजी और सेवा संबंधी कई सही जानकारियां बताकर नरोत्तम सिंह का विश्वास जीत लिया। साइबर अपराधी ने कहा कि राहुल ने अपराध नहीं किया, बल्कि उसके दोस्तों ने किया है, लेकिन वह मामले में फंस गया है। यदि पीड़ित पक्ष के मेडिकल और अन्य खर्चों के नाम पर 4 लाख रुपये दे दिए जाएं तो मामला “सेटल” किया जा सकता है। - ऐसे कराया पैसा ट्रांसफर बेटे के जेल जाने और बदनामी के डर से घबराए नरोत्तम सिंह को लगातार कॉल पर “डिजिटल अरेस्ट” में रखा गया। उन्होंने पहले अपनी बेटी से 20 हजार रुपये ट्रांसफर कराए, फिर 30 हजार रुपये और मंगवाए। इसके बाद अपने फौजी दामाद से 50 हजार रुपये लिए। अंत में एक अन्य रिश्तेदार से 99,500 रुपये लेकर कुल लगभग 2 लाख रुपये बताए गए क्यूआर कोड पर भेज दिए। इसके बाद भी साइबर ठग लगातार और पैसे की मांग करते रहे। - बैंक मैनेजर ने खोली ठगी की पोल जब नरोत्तम सिंह अपने खाते से और पैसा निकालने के लिए बैंक पहुंचे तो बैंक मैनेजर ने पूरी घटना सुनी और इसे साइबर फ्रॉड बताया। तत्काल उनके खाते का लेन-देन रोक दिया गया। बैंक मैनेजर की सलाह पर जब नरोत्तम सिंह ने जोधपुर में बेटे के साथ रह रही परिजन को फोन कर जानकारी ली तो पता चला कि राहुल सिंह सुबह ही अपने कार्यालय ड्यूटी पर गए हैं और किसी प्रकार की कोई गिरफ्तारी या घटना नहीं हुई है। तब जाकर उन्हें साइबर ठगी का अहसास हुआ। - पुलिस क्या कहती है? पीड़ित ने टूंडला कोतवाली में तहरीर दी है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने साइबर हेल्प डेस्क पर शिकायत की थी, जिसकी जांच की जा रही है। ईएमएस