नई दिल्ली (ईएमएस)। पेट्रोल मॉडल के इलेक्ट्रिक वर्जन के रूप में पेश की गई टाटा मोटर्स की टाटा पंच ईवी एसयूवी शहरों में आसान ड्राइविंग के साथ तेज परफॉर्मेंस चाहने वालों के लिए आकर्षक विकल्प बन गई है। 3,857 मिमी लंबाई और 4.9 मीटर टर्निंग रेडियस के कारण यह ट्रैफिक और तंग पार्किंग में भी आसानी से नियंत्रित की जा सकती है। टाटा पंच ईवी का सबसे बड़ा आकर्षण इसका टॉप वेरिएंट है, जिसमें 120 बीएचपी और 190 एनएम पॉवर वाली मोटर मिलती है। यह 0 से 100 किमी प्रति घंटा गति 9 सेकंड से कम में पकड़ लेती है, जो कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक सेगमेंट में इसे खास बनाता है। लगभग रुपए 14.44 लाख एक्स-शोरूम कीमत वाला यह वेरिएंट परफॉर्मेंस के हिसाब से काफी प्रभावशाली माना जा रहा है। एसयूवी की राइड क्वालिटी भी बेहतर है। बैटरी को फ्लोर में लगाने से इसका संतुलन मजबूत हुआ है और सस्पेंशन खराब सड़कों पर भी शांत अनुभव देता है। हालांकि धीमी रफ्तार पर मोड़ते समय हल्की स्लिपेज महसूस हो सकती है, लेकिन कुल मिलाकर इसका हैंडलिंग भरोसेमंद बना रहता है। इस मॉडल का फेसलिफ्ट 20 फरवरी को लॉन्च होने की तैयारी में है। नए वर्जन में क्लोज्ड ग्रिल, अपडेटेड हेडलैंप और नए कलर मिलने की संभावना है। इंटीरियर में बड़ा टचस्क्रीन और बेहतर फ्रंट सीट्स जैसे बदलाव भी अपेक्षित हैं। वहीं 25 केडब्ल्यूएच और 35केडब्ल्यूएच बैटरी पैक में किसी बदलाव की उम्मीद नहीं है। पंच ईवी फिलहाल उन खरीदारों के लिए मजबूत विकल्प बनी हुई है जो कॉम्पैक्ट साइज में तेज, आरामदायक और भरोसेमंद इलेक्ट्रिक एसयूवी चाहते हैं, और फेसलिफ्ट इसकी आकर्षकता और बढ़ा सकता है। मालूम हो कि भारतीय बाजार में कॉम्पैक्ट साइज में बेहतर परफॉर्मेंस देने वाली गाड़ियों की कमी रही है, लेकिन टाटा मोटर्स की टाटा पंच ईवी इस धारणा को बदलती दिख रही है। सुदामा/ईएमएस 17 फरवरी 2026