भोपाल,(ईएमएस)। मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के आज दूसरे दिन सदन में गलत जानकारी देने के आरोप पर पंचायत मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल भड़क गए। उन्होंने प्रश्नकाल के दौरान सदन को जवाब देते हुए कहा कि जिस तरह से बार बार कहा जा रहा है कि जानकारी गलत है इस पर मैं स्पष्ट राय रखता हूं। उन्होंने कहा कि यदि जॉब कार्ड है और उसे रोजगार नहीं मिल रहा है ऐसे लोग मेरे सामने लाएं तो मैं सदन से माफी मांगने को तैयार हूं। दरअसल हुआ यूं कि आज मंगलवार को राज्य विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा ने मामले को उठाते हुए कहा कि श्योपुर जिले में 50 प्रतिशत से अधिक सहरिया आदिवासी परिवार राजस्थान, गुजरात, हरियाणा और पंजाब जैसे राज्यों में रोजगार की तलाश में चले गए हैं। इसका समर्थन करते हुए विधायक पंकज उपाध्याय ने भी कहा कि जौरा में भी अमूमन यही स्थिति है। यहां गांव के गांव खाली हो रहे हैं, घरों में ताले लगे हैं लोग रोजगार के लिए दूसरो राज्यों की तरफ पलायन कर रहे हैं। इस पर पंचायत मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने जवाब देते हुए कहा कि लोग पलायन के कई कारण हो सकते हैं। जीरामजी(मनरेगा) का जॉब कार्ड है और रोजगार नहीं मिल रहा है इसलिए दूसरे राज्यों के लिए पलायन कर रहे है ये संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि जो स्थित मैंने सदन में रखी है योजना के तहत लोगों को रोजगार दिए गए हैं और दिए जा रहे हैं इसको गलत बताना ठीक नहीं है। वीरेंद्र/ईएमएस/17फरवरी2026