इन्दौर (ईएमएस) नियमित रूप से एप पर उपस्थिति दर्ज करा रहे स्वास्थ्य कर्मचारियों के मोबाइल पर अनुपस्थिति के मैसेज आने पर हड़कंप मच गया। मामला राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत कार्यरत संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों का है जिनके मोबाइल पर अवकाश के दिन अनुपस्थिति के मैसेज आए। कर्मचारियों का कहना है कि वे सार्थक एप पर नियमित रूप से नियमानुसार उपस्थित दर्ज करा रहे हैं। उनका आरोप लगाते कहना है कि सार्थक एप अभी पूरी तरह अपडेट नहीं है। ऐसी घटना से अनावश्यक तनाव पैदा हो रहा है जिससे कोई अनहोनी हो सकती है। प्राप्त जानकारी अनुसार कल रात 9:20 बजे राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एमपीएनआरएचएम) के संविदा कर्मियों के मोबाइल पर चेतावनी मैसेज आया जिसमें लिखा था कि आपने 12 अप्रैल 2026 को अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं कराई है। इसके बाद इन कर्मचारियों में हड़कंप मच गया और एक दूसरे को फोन कर इस बारे में जानकारी प्राप्त करने लगे। मामले में एनएचएम संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष नीतू केल्दे का कहना है कि सार्थक एप पर अटेंडेंस दर्ज करने के बाद भी गलत मैसेज आ रहे हैं। उन्होंने आशंका के साथ चेतावनी देते कहा कि कई कर्मचारी 45 से 55 वर्ष आयु वर्ग के हैं और बीपी, शुगर जैसी बीमारियों से ग्रसित हैं। ऐसे में गलत अलर्ट से अनावश्यक तनाव पैदा हो रहा है। उन्होंने बताया कि सार्थक एप अभी पूरी तरह अपडेट नही है। उन्होंने आरोप लगाते कहा कि एनएचएम संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी को समय पर सैलरी नहीं मिल रही है। इसके चलते उन्हें आर्थिक संकट का सामना भी करना पड़ रहा है। ऐसे में इस सार्थक की गड़बड़ी से आ रहे ऐसे मैसेज उन्हें और परेशानी में डाल रहे हैं। आनंद पुरोहित/ 14 अप्रैल 2026